अलीपुर इलाके में बेकाबू फॉर्च्यूनर ने परिवार को रौंदा, मां की गोद से छिटककर सड़क पर गिरी दो साल की बच्ची, बच्ची की मौत, चालक फरार

नई दिल्ली:बाहरी उत्तरी दिल्ली के अलीपुर थाना अंतर्गत जीटीके रोड पर रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने मानवता और यातायात नियमों को तार-तार कर दिया। बकोली गांव के पास खामपुर रेड लाइट पर एक अनियंत्रित फॉर्च्यूनर ने आगे चल रही सेलेरियो कार को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि कार में सवार दो साल की एक मासूम बच्ची खिड़की से बाहर सड़क पर जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच जिला एमएसीटी सेल को सौंप दी है।

जानकारी के अनुसार, घटना 12 अप्रैल की दोपहर करीब 2:00 बजे की है। पीड़ित रविंद्र (47) अपने परिवार के पांच अन्य सदस्यों के साथ मारुति सेलेरियो कार में सवार होकर दिल्ली से सोनीपत की ओर जा रहे थे। जैसे ही खामपुर रेड लाइट पर सिग्नल हरा हुआ और उनकी कार आगे बढ़ी, पीछे से आ रही तेज रफ्तार टोयोटा फॉर्च्यूनर ने उन्हें जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सेलेरियो कार सड़क पर कई बार घूम गई और डिवाइडर से जा टकराई। इसी दौरान कार में एक महिला की गोद में बैठी दो साल की बच्ची झटके के कारण खिड़की से बाहर सड़क पर गिर गई और गंभीर रूप से चोटिल हो गई।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायल बच्ची को तुरंत नरेला स्थित एसआरएचसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुर्घटना में रविंद्र और एक 28 वर्षीय महिला भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक अपनी फॉर्च्यूनर कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बाहरी उत्तरी जिले की विशेषज्ञ इकाई ‘एमएसीटी सेल’ अब फरार चालक की तलाश और मामले की विस्तृत छानबीन कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More