मर्सिडीज कार में पी रहे थे शराब, रोकने पर ब्रिगेडियर और उनके परिवार से कि मारपीट व अभद्रता, दो आरोपी गिरफ्तार, लग्जरी कार जब्त

नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत एन्क्लेव इलाके में भारतीय सेना के एक ब्रिगेडियर और उनके परिवार के साथ मारपीट व अभद्रता करने वाले दो मुख्य आरोपियों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक एविएशन कंपनी का डायरेक्टर और दूसरा ढाबा संचालक है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मर्सिडीज कार को भी जब्त कर लिया है। सैन्य अधिकारी और उनके आईआईटी में पढ़ने वाले बेटे पर हमले के इस मामले में पुलिस की शुरुआती सुस्ती के बाद अब मिलिट्री की सक्रियता और प्रशासनिक कड़ाई के चलते आरोपियों पर शिकंजा कसा गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतेंद्र उर्फ सोनू (49) और संजय शर्मा (56) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मेहरम नगर के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, सतेंद्र ‘चौधरी एविएशन प्राइवेट लिमिटेड’ का डायरेक्टर है, जो चार्टर्ड फ्लाइट और एयरक्राफ्ट के कलपुर्जों के व्यापार से जुड़ी है। वहीं, संजय शर्मा इलाके में ‘पंडित जी ढाबा’ चलाता है। वारदात वाली रात ये दोनों अपनी लग्जरी मर्सिडीज कार में बैठकर सार्वजनिक स्थान पर शराब पी रहे थे। जब वहां रहने वाले ब्रिगेडियर ने उन्हें टोका, तो आरोपियों ने रसूख दिखाते हुए अपने साथियों को बुला लिया और सैन्य अधिकारी के परिवार पर हमला कर दिया।

इस मामले में पुलिस ने पहले ही लापरवाही बरतने वाले इंस्पेक्टर (जांच) को लाइन हाजिर कर दिया है। ब्रिगेडियर की पत्नी की शिकायत पर थाना पुलिस ने मुकदमा के तहत बीएनएस की गंभीर धाराओं 115(2), 126(2), 351(2), 79 और 191(2)/190 में केस दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है ताकि वारदात के समय मौजूद उनके अन्य साथियों की पहचान कर उन्हें भी सलाखों के पीछे भेजा जा सके। फिलहाल पुलिस ने मर्सिडीज कार को कब्जे में लेकर जांच को आगे बढ़ाया है और पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा दिलाया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More