मंडावली पुलिस ने चाकू की नोक पर मोबाइल लूटने वाला नाबालिग को पकड़ा, लूटा हुआ फोन बरामद

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के मंडावली थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चाकू की नोक पर मोबाइल लूटने की वारदात को महज कुछ ही घंटों में सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में संलिप्त एक नाबालिग को पकड़ने में सफलता हासिल की है और उसके कब्जे से शिकायतकर्ता का लूटा हुआ विवो मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने इलाके में सार्वजनिक सुरक्षा और पुलिस की सतर्कता को एक बार फिर साबित किया है।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि घटना 11 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे की है। कल्याण मार्ग, रेलवे कॉलोनी के कोने पर एक अज्ञात व्यक्ति ने शिकायतकर्ता को चाकू दिखाकर डराया और उसका मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गया। इस संबंध में मंडावली थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशिक्षु आईपीएस और एसएचओ मंडावली श्रीकेश राय के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई, जिसमें सब-इंस्पेक्टर सत्यदेव, कांस्टेबल प्रदीप, दीपक और रामकेश शामिल थे।

पुलिस टीम ने घटना स्थल और उसके आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। साथ ही स्थानीय स्तर पर खुफिया जानकारी जुटाई गई और मुखबिरों को सक्रिय किया गया। तकनीकी सर्विलांस और जमीनी जांच के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध की पहचान की, जो एक नाबालिग निकला। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर जब पूछताछ की, तो उसने लूट की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

पूछताछ के बाद नाबालिग की निशानदेही पर पुलिस ने शिकायतकर्ता का लूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस वारदात में उसके साथ कोई और सहयोगी तो शामिल नहीं था और क्या उसने पहले भी इस तरह की अन्य घटनाओं को अंजाम दिया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More