पांडव नगर पुलिस ने घर में सेंधमारी करने वाला बढ़ई को किया गिरफ्तार, चोरी के आभूषण बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पांडव नगर थाना पुलिस ने एक अंधे मामले को सुलझाते हुए मयूर विहार फेस-2 स्थित एक आवासीय घर में हुई सेंधमारी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो उसी इमारत में बढ़ई का काम करता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने के आभूषणों की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुहैब (22 वर्ष) निवासी डासना, गाजियाबाद के रूप में हुई है। आरोपी के पास से पुलिस ने 3 सोने की अंगूठियां, 1 सोने की चेन, 1 सोने का बिस्कुट, 3 जोड़ी सोने की बालियां और 2 सोने के लॉकेट बरामद किए हैं।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 10 अप्रैल को शिकायतकर्ता मुथुर नागा प्रसाद रेड्डी ने मयूर विहार फेस-2 स्थित अपने घर से सोने के गहने चोरी होने की ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अपराध स्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पांडव नगर एसएचओ और एसीपी मयूर विहार के मार्गदर्शन में इंस्पेक्टर पंकज सरोहा, एएसआई राजेंद्र, हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश, प्रभु दयाल और कांस्टेबल नितेश की एक विशेष टीम गठित की गई। शुरुआती सीसीटीवी फुटेज से कोई ठोस सुराग नहीं मिला, लेकिन पुलिस ने हार नहीं मानी।

जांच के दौरान मानवीय खुफिया तंत्र और स्थानीय पूछताछ से पता चला कि पीड़ित परिवार शाम 5:00 बजे से 5:20 बजे के बीच मात्र 20 मिनट के लिए घर से बाहर गया था। शक के आधार पर पुलिस ने इमारत के भूतल पर स्थित स्टोर रूम में रहने वाले बढ़ई सुहैब को हिरासत में लिया। वह अपने चाचा के साथ वहीं रहकर काम करता था। पूछताछ के दौरान पहले तो उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी सुहैब ने बताया कि उसे परिवार के बाहर जाने के समय की जानकारी थी और उसने इसी छोटे से अंतराल का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घर से चुराया गया सारा सोना बरामद कर लिया है। आरोपी केवल 10वीं पास है और दिल्ली में बढ़ई का काम करता था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या वह पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहा है। फिलहाल मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More