दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्र से लूटपाट करने वाले ‘चिड़िया’ गैंग का भंडाफोड़, रूप नगर पुलिस ने दबोचे दो बदमाश

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तरी जिला की रूप नगर थाना पुलिस ने तकनीकी निगरानी और मुस्तैदी का परिचय देते हुए मोबाइल लूट की एक वारदात को महज कुछ ही घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो बेहद शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से अपराध में इस्तेमाल चोरी की स्कूटी, लूटे गए दो मोबाइल फोन, एक चाकू और दो नुकीली अंगूठियां बरामद की गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की उर्फ चिड़िया (32 वर्ष) और गोविंद (27 वर्ष) के रूप में हुई है। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने रूप नगर, भारत नगर और सराय रोहिल्ला थानों में दर्ज झपटमारी व वाहन चोरी के 5 मामलों को सुलझाने में सफलता हासिल की है।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बांठिया ने बताया कि 10 अप्रैल को शक्ति नगर निवासी और दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र शिवांशु ने सूचना दी कि जब वह सड़क किनारे फोन पर बात कर रहा था, तभी सफेद रंग की स्कूटी पर सवार दो बदमाशों ने उसे धक्का देकर उसका सैमसंग मोबाइल लूट लिया। सूचना मिलते ही एसएचओ रमेश चंद्र कौशिक के नेतृत्व में एएसआई पवन कुमार, हेड कांस्टेबल नरेश, नवीन और कांस्टेबल हितेश की टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपियों का लगभग 30 किलोमीटर तक पीछा किया और अंततः सिंधोरा कलां अंडरपास के पास मुख्य आरोपी विक्की उर्फ चिड़िया को धर दबोचा। बाद में उसकी निशानदेही पर सह-आरोपी गोविंद को भी राणा प्रताप बाग इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि रूप नगर में लूट के तुरंत बाद उन्होंने भारत नगर इलाके में भी एक मोबाइल छीना था। जांच में पता चला कि वारदात में इस्तेमाल स्कूटी सराय रोहिल्ला इलाके से चोरी की गई थी। आरोपी विक्की उर्फ चिड़िया पहले से ही झपटमारी और चोरी के 10 मामलों में शामिल रहा है, जबकि गोविंद पर 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। ये दोनों आरोपी स्कूल ड्रॉपआउट हैं और नशे व शराब की लत को पूरा करने के लिए लूट और झपटमारी की वारदातों को अंजाम देते थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से मिले हथियार और नुकीली अंगूठियां इस बात का प्रमाण हैं कि वे वारदात के दौरान शिकार को डराने या घायल करने के लिए पूरी तैयारी के साथ निकलते थे। सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों के खुलासे के आधार पर रूप नगर थाने के दो पुराने मामलों की भी पहचान की गई है। फिलहाल पुलिस टीम अन्य चोरी की संपत्तियों की बरामदगी के लिए प्रयास कर रही है और आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है ताकि उनके पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More