रानी बाग चोरी के मामले में एंटी-बर्गरली सेल ने दो सेंधमारों को दबोचा, चोरी की मोटरसाइकिल और कीमती सामान बरामद

नई दिल्ली: बाहरी जिला की एंटी-बर्गरली एंड स्नैचिंग सेल ने रानी बाग थाने में दर्ज चोरी के मामले को सुलझाते हुए दो कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, 8 कलाई घड़ियां, कॉस्मेटिक सामान, लोहे की रॉड और ताले तोड़ने की चाबियां बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्म सिंह (40 वर्ष) निवासी गुजरात और बबलू सिंह निवासी मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर नुकीले हथियार से हमला कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए उन्हें काबू कर लिया। इस कामयाबी से चोरी और सेंधमारी के कुल 8 मामले सुलझा लिए गए हैं।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 12 अप्रैल की सुबह करीब पांच इंस्पेक्टर रितेश के नेतृत्व वाली टीम रानी बाग थाने में दर्ज ई-एफआईआर की जांच कर रही थी। टीम ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों का विश्लेषण किया, जिससे वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल के नंबर की पहचान हुई। पुलिस ने वाहन का पीछा करते हुए उसकी लोकेशन विकासपुरी के पास ट्रैक की। 13 अप्रैल की अलसुबह करीब 4:45 बजे टीम ने देखा कि आरोपी हरि नगर इलाके में एक घर का ताला तोड़कर अंदर घुस रहे हैं। पुलिस ने सही समय का इंतजार किया और जैसे ही आरोपी चोरी कर बाहर निकले, उन्हें चारों तरफ से घेर लिया।

पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने टीम में शामिल जवानों पर हमला कर दिया, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए बबलू और धर्म सिंह को दबोच लिया। इनके पास मौजूद बैग से चोरी की गई घड़ियां और अन्य सामान बरामद हुआ। जांच में पता चला कि वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी आदर्श नगर इलाके से चोरी की गई थी। आरोपी बबलू सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी सागरपुर, स्पेशल सेल और केशव पुरम थानों में दर्ज कई संगीन मामलों में शामिल रहा है।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि ये आरोपी दिल्ली के विभिन्न इलाकों में रात और सुबह के समय बंद घरों की रेकी करते थे और ताला तोड़कर कीमती सामान उड़ा लेते थे। आरोपियों की गिरफ्तारी से हरि नगर, रानी बाग और आदर्श नगर थानों के कई लंबित मामले सुलझ गए हैं। फिलहाल पुलिस इन्हें रिमांड पर लेकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी का सामान ये कहां बेचते थे और इनके गिरोह में अन्य कौन लोग शामिल हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More