सीमापुरी पुलिस ने 7 साल से फरार उम्रकैद के अपराधी को उत्तराखंड से दबोचा, पैरोल जंप कर पहचान बदलकर रह रहा था आरोपी

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिला की सीमापुरी थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 7 साल से फरार चल रहे पैरोल जंपर और घोषित अपराधी को उत्तराखंड के काशीपुर से गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी विजय कुमार उर्फ विजय शर्मा (50 वर्ष) अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या के प्रयास के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था और साल 2019 में पैरोल मिलने के बाद फरार हो गया था। दिल्ली हाई कोर्ट ने 19 अप्रैल 2022 को उसे घोषित अपराधी करार दिया था। पुलिस की एक विशेष टीम ने गहरे तकनीकी विश्लेषण और जमीनी स्तर की खुफिया जानकारी के बाद आरोपी को धर दबोचा।

शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि मामला 18 जून 2012 का है, जब सीमापुरी थाने में हत्या के प्रयास के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। आरोपी विजय कुमार ने पारिवारिक विवाद के चलते सोती हुई पत्नी मिथलेश के सिर पर लोहे के तवे से कई वार किए थे, जिससे उनके सिर की हड्डियां कई जगह से टूट गई थीं। पीड़िता कई वर्षों तक कोमा में रहीं और उनकी जान काफी मशक्कत के बाद बची थी। साल 2016 में सत्र न्यायालय ने विजय को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। 2019 में पैरोल पर बाहर आने के बाद वह वापस जेल नहीं लौटा और गायब हो गया।

आरोपी को पकड़ने के लिए सीमापुरी एसएचओ के नेतृत्व में एएसआई दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल जितेंद्र, अभय पंवार और अन्य जवानों की एक टीम गठित की गई थी। टीम ने पाया कि आरोपी ने अपने परिवार से सारे रिश्ते तोड़ लिए थे और पुलिस को गुमराह करने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहा था। हिमाचल प्रदेश में कई छापेमारी की गई लेकिन वह नहीं मिला। अंततः गहन तकनीकी सर्विलांस की मदद से उसका सुराग उत्तराखंड के काशीपुर में मिला, जहां वह अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।

पूछताछ में विजय कुमार ने खुलासा किया कि पैरोल जंप करने के बाद वह सबसे पहले मुरादाबाद चला गया था, जहां उसने शेयर ब्रोकर के रूप में काम शुरू किया। उसने वहां दूसरी शादी भी कर ली और पिछले चार साल से काशीपुर में किराए के मकान में रह रहा था ताकि दिल्ली पुलिस की नजरों से बचा रह सके। पुलिस अब उसे वापस जेल भेजने की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है और यह जांच रही है कि फरारी के दौरान उसे और किन लोगों ने शरण दी थी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More