कल्याणपुरी पुलिस ने दो शातिर झपटमारों को दबोचा; लूटा गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिला अंतर्गत कल्याणपुरी थाना पुलिस ने मोबाइल छीनने की वारदातों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो सक्रिय झपटमारों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पकड़े गए दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और पहले भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 6 अप्रैल को सोनिया खान नामक महिला ने चाँद सिनेमा के पास अपना मोबाइल छीने जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कल्याणपुरी एसएचओ इंस्पेक्टर मुकेश के मार्गदर्शन और एसीपी पवन कुमार के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में इंस्पेक्टर दीपक, एसआई धीरेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल श्याम, कांस्टेबल रोहित और राहुल गुप्ता शामिल थे।

पुलिस टीम ने तकनीकी और मैन्युअल जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक महत्वपूर्ण सुराग मिला। आरोपी मयूर विहार थाने के पास अपनी मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट साफ करते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने सीसीटीवी की कड़ियों को जोड़ते हुए बाइक का नंबर ट्रैक किया और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान की। 9 अप्रैल को मयूर विहार फेज-1 के पॉकेट-5 स्थित गुरुद्वारे के पास छापेमारी कर दोनों आरोपियों, फदीन (22 वर्ष) और समीर (22 वर्ष) को दबोच लिया गया।

पकड़ा गया आरोपी फदीन त्रिलोकपुरी का रहने वाला है और ‘जेप्टो’ में डिलीवरी बॉय का काम करता है। वह पहले भी पांडव नगर थाने के एक मामले में शामिल रहा है। दूसरा आरोपी समीर, शशि गार्डन का निवासी है और मजदूरी करता है। समीर एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ पांडव नगर थाने में चोरी और लूट के 5 मामले दर्ज हैं। ये दोनों आरोपी स्मैक और गांजे के नशे के आदी हैं और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए वारदातों को अंजाम देते थे।

पुलिस ने इनके कब्जे से छीना गया ओप्पो मोबाइल फोन, एक पोको 5जी फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है, जो फदीन के नाम पर ही रजिस्टर्ड थी। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उन्होंने हाल के दिनों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More