त्रिलोकपुरी में घर लौट रहे युवक को बदमाशों ने घेरा, चाकू मारकर किया लहूलुहान

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार थाना क्षेत्र अंतर्गत त्रिलोकपुरी इलाके में शुक्रवार रात बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आए। 27-ब्लॉक स्थित हनुमान मंदिर के पास अज्ञात हमलावरों ने एक 26 वर्षीय युवक को घेरकर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पहचान हुजफ (26) निवासी त्रिलोकपुरी के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि शुक्रवार रात करीब 8:00 बजे हुजफ अपने कपड़े प्रेस कराकर वापस घर लौट रहा था। जैसे ही वह 27-ब्लॉक स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुँचा, पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों के एक समूह ने उसे रास्ते में रोक लिया। चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावरों ने पहले हुजफ के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। विवाद बढ़ने पर एक आरोपी ने चाकू निकालकर हुजफ की पीठ और कंधे पर कई वार कर दिए।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। लहूलुहान हालत में हुजफ किसी तरह अपने घर के पास पहुँचा, जहाँ उसे देखकर परिजनों के होश उड़ गए। परिवार वाले उसे तुरंत अस्पताल लेकर भागे, जहाँ फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। मयूर विहार थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान हो चुकी है और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। प्रारंभिक जांच में यह आपसी रंजिश का मामला लग रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से तफ्तीश कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More