गाजीपुर मे शराब के नशे में विवाद के बाद मजदूर की हत्या, सहकर्मियों ने सिर पर डंडे से किया था वार, दोनों आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर स्थित मुर्गा मंडी में चल रहे एक निर्माण स्थल पर मामूली विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया, जहाँ दो मजदूरों ने मिलकर अपने ही साथी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने मामले को दबाने और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन तकनीकी जांच और बयानों में विरोधाभास के चलते पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में हत्या की गुत्थी सुलझा ली। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों मोहम्मद मोहफिज़ और मूलचंद्र को गिरफ्तार किया है। इनके पास से वारदात में इस्तेमाल लकड़ी का फट्टा और मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है।

घटना गुरुवार सुबह की है, जब गाजीपुर थाना पुलिस को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल से सूचना मिली कि 34 वर्षीय रंजीत कुमार पंडित को मृत अवस्था में लाया गया है। मृतक मूल रूप से झारखंड के गोड्डा जिले का रहने वाला था और अहलूवालिया कंस्ट्रक्शन साइट पर मजदूरी करता था। उसे अस्पताल पहुँचाने वाले उसके पड़ोसी और सहकर्मी मोहम्मद मोहफिज़ ने इसे एक साधारण हादसा बताने की कोशिश की थी। हालांकि, क्राइम टीम को कमरे के अंदर खून के धब्बे मिले और रंजीत के सिर पर गहरे घाव के निशान पाए गए, जिससे पुलिस का शक गहरा गया।

तफ्तीश के दौरान जब पुलिस ने मोहम्मद मोहफिज़ से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसके बयानों में कई विसंगतियां पाई गईं। अंततः उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि बुधवार रात उसने, रंजीत और मूलचंद्र ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान किसी छोटी सी बात को लेकर उनके बीच गाली-गलौज और हाथापाई शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि मूलचंद्र ने रंजीत के सिर पर लकड़ी के फट्टे से जोरदार वार कर दिया, जबकि मोहफिज़ ने उसे पकड़ रखा था। रंजीत के लहूलुहान होने के बाद भी दोनों आरोपियों ने उसे अस्पताल ले जाने में जानबूझकर देरी की, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बिहार के सहरसा निवासी मोहम्मद मोहफिज़ (38) और उत्तर प्रदेश के महोबा निवासी मूलचंद्र (33) को गिरफ्तार कर लिया है। गाजीपुर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इनके बीच पहले से कोई रंजिश थी या यह पूरी वारदात केवल नशे की हालत में हुए तात्कालिक विवाद का परिणाम थी। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और शव का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें सौंप दिया गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More