नारायणा डकैती मामले में वांटेड अपराधी गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में पहले भी हो चुका है घायल

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिला की स्पेशल स्टाफ टीम ने नारायणा थाना क्षेत्र में हुई डकैती की एक वारदात में शामिल वांछित और शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी आकाश झा (26 वर्ष) को दबोचा है, जो जनवरी 2026 में हुई लूट की वारदात के बाद से ही पुलिस की पकड़ से दूर था। आरोपी इससे पहले मार्च 2025 में भी स्पेशल स्टाफ के साथ हुई एक मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया था, जिसमें पुलिस पर फायरिंग करने के दौरान उसके पैर में गोली लगी थी।

पश्चिमी जिले के डीसीपी शरद भास्कर दरदे ने बताया कि जनवरी 2026 में नारायणा इलाके में एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया गया था। इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी, लेकिन मुख्य आरोपी आकाश झा लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था। इसकी धरपकड़ के लिए एसीपी ऑपरेशंस की देखरेख और स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश मौर्य के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी।

ऑपरेशन के विवरण देते हुए डीसीपी ने बताया कि पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए अथक प्रयास किए। इस दौरान तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल और सोशल मीडिया फुटप्रिंट्स के साथ-साथ खुफिया जानकारी जुटाई गई। आरोपी को पकड़ने के लिए दिल्ली, बरेली, मुंबई और एनसीआर के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की गई। अंततः तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन बिंदापुर इलाके में मिली, जहां से टीम ने उसे सफलतापूर्वक दबोच लिया।

आरोपी की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी देते हुए डीसीपी ने बताया कि आकाश झा अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों को निशाना बनाता था और मारपीट कर उनसे लूटपाट करता था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अक्सर अलग-अलग राज्यों में अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के घरों में शरण लेता था। आरोपी ने 12वीं तक पढ़ाई की है लेकिन फिलहाल वह बेरोजगार था और अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आकाश झा पहले से ही लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसे 4 गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। 2025 की मुठभेड़ के बाद वह फिर से वारदातों में सक्रिय हो गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More