राजधानी कॉलेज के पास से अपहरण कर मांगी थी फिरौती; पश्चिमी जिला पुलिस ने वांटेड अपराधी को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिला की स्पेशल स्टाफ टीम ने फिरौती के लिए अपहरण के एक गंभीर मामले में साल 2024 से फरार चल रहे एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी सागर उर्फ कट्टो (27 वर्ष), निवासी शकूरपुर को एक संक्षिप्त पीछा करने के बाद दबोच लिया। आरोपी साल 2024 में राजौरी गार्डन इलाके से एक व्यक्ति का अपहरण कर फिरौती मांगने की वारदात में वांटेड था और तब से अपनी पहचान छिपाकर पुलिस को चकमा दे रहा था।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दरदे शरद भास्कर ने बताया कि वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 6 अप्रैल को स्पेशल स्टाफ को वांटेड अपराधी सागर उर्फ कट्टो के शकूरपुर इलाके में मौजूद होने की पुख्ता सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ऑपरेशंस विजय सिंह की देखरेख और स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार मौर्य के नेतृत्व में एएसआई विनोद, हेड कांस्टेबल गुमान गुर्जर और उमेश की एक विशेष टीम गठित की गई।

ऑपरेशन के विवरण देते हुए डीसीपी ने बताया कि पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर गुप्त निगरानी शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस की नजर में आया जिसका हुलिया वांटेड अपराधी से मेल खाता था। पुलिस की मौजूदगी का अहसास होते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क टीम ने घेराबंदी कर संक्षिप्त पीछा करने के बाद उसे सफलतापूर्वक दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान सागर उर्फ कट्टो के रूप में हुई। उसने खुलासा किया कि वह साल 2024 में राजौरी गार्डन थाने में दर्ज अपहरण के एक मामले में शामिल था। उस वारदात में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर राजधानी कॉलेज के पास से एक व्यक्ति को अगवा किया था और उसे बंधक बनाकर परिजनों से फिरौती की मांग की थी। बाद में आरोपी पीड़ित को आईएसबीटी के पास छोड़कर फरार हो गए थे।

आरोपी के प्रोफाइल के बारे में जानकारी देते हुए डीसीपी ने बताया कि सागर स्नातक पास है लेकिन वह अपराध की दुनिया की ओर आकर्षित हो गया। वह एक आदतन अपराधी है और पहले से ही हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे 3 गंभीर मामलों में शामिल रहा है। वह अप्रैल 2022 में गिरफ्तार हुआ था और नवंबर 2023 में जेल से बाहर आया था, जिसके बाद उसने फिर से वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया। पुलिस ने आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजौरी गार्डन थाना पुलिस के हवाले कर दिया है और उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More