पुलिस को देख यू-टर्न लेकर भाग रहा था बदमाश, मादीपुर पुलिस ने पीछा कर दबोचा, बटनदार चाकू और लूटा मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिला अंतर्गत पंजाबी बाग थाना की मादीपुर पुलिस चौकी टीम ने स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक कुख्यात स्नैचर और ऑटो लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू (34 वर्ष) को दबोचा है, जिसके पास से एक अवैध बटनदार चाकू, छीना गया एक मोबाइल फोन और चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पकड़ा गया आरोपी एक दुस्साहसी अपराधी है, जो पहले से ही हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और चोरी जैसे 18 गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी शरद भास्कर दरदे ने बताया कि सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और झपटमारी व वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए मादीपुर चौकी प्रभारी एसआई मुकेश यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। यह टीम इलाके के संवेदनशील स्थानों पर गश्त और निगरानी बढ़ाए हुए थी। 7 अप्रैल 2026 को जब पुलिस टीम पश्चिमपुरी स्थित सर्विस रोड के पास गश्त कर रही थी, तभी एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध अवस्था में आता दिखाई दिया।

ऑपरेशन के विवरण देते हुए डीसीपी ने बताया कि पुलिस टीम को सामने देख मोटरसाइकिल सवार ने अचानक यू-टर्न लिया और भागने का प्रयास किया। सतर्क पुलिस कर्मियों ने बिना समय गंवाए उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे मोटरसाइकिल सहित दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ। आगे की जांच में उसके पास से एक मोबाइल फोन भी मिला, जो पंजाबी बाग थाने के एक स्नैचिंग मामले से संबंधित पाया गया।

पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी जिस मोटरसाइकिल पर सवार था, वह भलस्वा डेयरी इलाके से चोरी की गई थी। कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी जितेंद्र की निशानदेही पर एक और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई, जिसे तिलक नगर इलाके से उड़ाया गया था। डीसीपी ने बताया कि आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू एक आदतन अपराधी है और लंबे समय से वारदातों को अंजाम दे रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने हाल के दिनों में और किन-किन वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More