रघुबीर नगर पुलिस चौकी टीम ने शातिर अपराधी को दबोचा, चोरी की 4 मोटरसाइकिलें बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिला अंतर्गत ख्याला थाना की रघुबीर नगर पुलिस चौकी टीम ने आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी आकाश उर्फ हनुमान (28 वर्ष) को दबोचा है, जिसके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 4 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। आरोपी एक आदतन अपराधी है और पहले से ही चोरी व अन्य अपराधों के 8 मामलों में संलिप्त रहा है। उसकी गिरफ्तारी से ख्याला, राजौरी गार्डन और पश्चिम विहार ईस्ट थानों में दर्ज वाहन चोरी के 4 मामलों को सुलझा लिया गया है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दरदे शरद भास्कर ने बताया कि शाम और रात के समय बढ़ते अपराधों को रोकने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर रघुबीर नगर चौकी प्रभारी एसआई किशोर प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। यह टीम इलाके में संदिग्धों पर पैनी नजर रख रही थी। 7 अप्रैल की शाम को जब पुलिस टीम रघुबीर नगर स्थित अंध विद्यालय रोड नंबर 29 के पास गश्त कर रही थी, तभी एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध अवस्था में आता दिखाई दिया।

घटना के विवरण देते हुए डीसीपी ने बताया कि पुलिस टीम ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने भागने का प्रयास किया। भागने की कोशिश में उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई और सतर्क पुलिस कर्मियों ने उसे तुरंत मौके पर ही दबोच लिया। जांच के दौरान पता चला कि वह जिस मोटरसाइकिल पर सवार था, वह ख्याला थाने से चोरी की गई थी। आरोपी की पहचान रघुबीर नगर निवासी आकाश उर्फ हनुमान के रूप में हुई।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने वाहन चोरी की कई वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी कड़ी पूछताछ और निशानदेही पर पुलिस ने तीन अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद कीं, जो राजौरी गार्डन और पश्चिम विहार ईस्ट इलाकों से चोरी की गई थीं। आरोपी ने बताया कि वह आठवीं तक पढ़ा है और दिहाड़ी मजदूरी की आड़ में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त कर लिया है और आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि वह चोरी की गई इन मोटरसाइकिलों को कहां और किसे बेचने की योजना बना रहा था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More