अशोक विहार में बाइक सवारों से मामूली कहासुनी के बाद फैक्ट्री कर्मचारी की चाकू घोंप कर हत्या, पुलिस ने दो को पकड़ा

नई दिल्ली: दिल्ली के अशोक विहार इलाके में रोड रेज की एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जहाँ मामूली विवाद के बाद दो बाइक सवारों ने एक फैक्ट्री कर्मचारी की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना बुधवार शाम वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया के बी-ब्लॉक स्थित मछली मार्केट के पास हुई। मृतक की पहचान संतोष कुमार (27) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था और यहीं एक फैक्ट्री में काम करता था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक किशोर को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल बाइक को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम करीब 6:23 बजे पीसीआर को सूचना मिली थी कि मछली मार्केट स्थित सुलभ शौचालय परिसर में एक व्यक्ति लहूलुहान हालत में पड़ा है। मौके पर पहुँची पुलिस टीम ने पाया कि संतोष को चाकू मारा गया था। शुरुआती जांच में पता चला कि सड़क पर संतोष और बाइक सवारों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। गुस्साए बाइक सवारों ने आव देखा न ताव और संतोष पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के बाद घायल संतोष जान बचाने के लिए पास के सुलभ शौचालय की ओर भागा, लेकिन परिसर के अंदर पहुँचते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और अधिक खून बह जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देकर भाग रहे आरोपियों की बाइक मौके पर ही छूट गई थी, जो पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग साबित हुई। थाना अशोक विहार पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर तफ्तीश शुरू की और तकनीकी निगरानी व मुखबिरों की मदद से मुख्य आरोपी तनीष (19) पुत्र अकील खान को दबोच लिया। तनीष मछली मार्केट के पास स्थित सीएसए कॉलोनी का ही रहने वाला है। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि सड़क पर अचानक हुए झगड़े के बाद उन्होंने गुस्से में आकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चाकू कहाँ से आया और क्या आरोपियों का पहले भी कोई आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More