चेहरे पर ब्लेड मारकर लूट करने वाले शातिर अपराधी को पुलिस ने दिल्ली से चेन्नई और फिर हजरत निजामुद्दीन तक खदेड़कर दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिला अंतर्गत नबी करीम थाना पुलिस ने एक बेहद रोमांचक और साहसिक ऑपरेशन के तहत एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी दिनेश उर्फ अक्षय (34 वर्ष) को दिल्ली से चेन्नई और फिर चेन्नई से वापस दिल्ली तक लगभग 2000 किलोमीटर पीछा करने के बाद हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। आरोपी ने पहाड़गंज के मुल्तानी ढांडा इलाके में एक दुकानदार पर ब्लेड से हमला कर 20,000 रुपये लूट लिए थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए दक्षिण भारत फरार हो गया था। आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले से चोरी व लूट के सात मामलों में संलिप्त है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 27 मार्च को मुल्तानी ढांडा में एक दुकानदार पर हमले और लूट की सूचना मिली थी। पीड़ित के चेहरे पर धारदार हथियार (ब्लेड) से वार किया गया था, जिसे गंभीर हालत में लेडी हार्डिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित के बयान पर नबी करीम थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसीपी पहाड़गंज की देखरेख और नबी करीम एसएचओ के नेतृत्व में एसआई नीरज राठी, हेड कांस्टेबल विकास, कांस्टेबल संजय और धंसी की एक विशेष टीम गठित की गई।

तफ्तीश के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे आरोपी की पहचान दिनेश उर्फ अक्षय के रूप में हुई। तकनीकी सर्विलांस से पता चला कि आरोपी वारदात के तुरंत बाद चेन्नई भाग गया है और वहां नंदमबक्कम इलाके में छिपकर मजदूरी कर रहा है। डीसीपी ने बताया कि पुलिस टीम 3 अप्रैल को चेन्नई के लिए रवाना हुई। हालांकि, पुलिस की मौजूदगी की भनक लगते ही आरोपी ने अपना फोन बंद कर लिया और छिपने का ठिकाना बदल दिया।

ऑपरेशन के विवरण देते हुए डीसीपी ने बताया कि 6 अप्रैल को आरोपी ने फिर से फोन ऑन किया, जिससे उसकी लोकेशन चेन्नई सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर मिली। पुलिस टीम तुरंत स्टेशन पहुँची और दिल्ली जाने वाली ट्रेन में सवार होकर डिब्बों की तलाशी शुरू की। हालांकि वह ट्रेन में छिपा रहा, लेकिन उसकी लाइव लोकेशन ट्रेन के साथ ही दिल्ली की ओर बढ़ रही थी। अंततः 7 अप्रैल को जैसे ही ट्रेन हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुँची, पुलिस टीम ने रणनीतिक घेराबंदी कर उसे प्लेटफार्म नंबर 6-7 से सफलतापूर्वक धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि दुकानदार ने उसे पानी की बोतल देने से मना किया था और गाली दी थी, जिसका बदला लेने के लिए उसने लूट और हमले की योजना बनाई थी। डीसीपी ने बताया कि आरोपी पहले से ही कोतवाली, गांधी नगर और कश्मीरी गेट जैसे थानों में दर्ज सात आपराधिक मामलों में शामिल है। पुलिस टीम के इस उत्कृष्ट समन्वय और अथक प्रयास की सराहना की गई है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More