राम नवमी पर बुजुर्ग महिला से झपटमारी करने वाला शातिर सहयोगी समेत गिरफ्तार; द्वारका पुलिस ने बरामद किए नगद रुपये

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला अंतर्गत डाबरी थाना पुलिस ने एक बुजुर्ग महिला से सोने की चेन छीनने वाले खूंखार और आदतन अपराधी को उसके सहयोगी समेत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी करण शिवपुरी उर्फ कांची (32 वर्ष) और उसके साथी विपिन कुमार उर्फ बंटी (32 वर्ष) को दबोचा है। आरोपी करण शिवपुरी एक दुस्साहसी अपराधी है, जो पहले से हत्या के प्रयास, लूट और स्नैचिंग जैसे 27 आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल, फर्जी नंबर प्लेटें और लूटी गई चेन को बेचकर मिले 80,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि 26 मार्च (राम नवमी) को डाबरी इलाके में एक 58 वर्षीय महिला से सोने की चेन छीनने की वारदात हुई थी। पीड़िता पूजा समारोह से घर लौट रही थी, तभी पल्सर सवार बदमाश ने वारदात को अंजाम दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी संजीव कुमार की देखरेख और डाबरी एसएचओ गंगा राम मीणा के नेतृत्व में एसआई अनिल कुमार, एएसआई धर्मेंद्र, हेड कांस्टेबल बच्चू और राजेंदर की एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती आरोपी की पहचान थी क्योंकि उसने मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी। डीसीपी ने बताया कि पुलिस टीम ने हार नहीं मानी और लगभग 25 किलोमीटर के लंबे रूट पर लगे 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी सुरागों का पीछा करते हुए टीम वसंत कुंज के मसूदपुर डेयरी तक पहुँची, जहाँ से आरोपी करण उर्फ कांची को धर दबोचा गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त पल्सर NS200 बाइक, फर्जी नंबर प्लेट और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए। डीसीपी ने बताया कि आगे की पूछताछ में खुलासा हुआ कि करण ने छीनी हुई चेन अपने साथी विपिन उर्फ बंटी के जरिए महिपालपुर के एक ज्वैलर को 1,18,000 रुपये में बेची थी। पुलिस ने विपिन को भी गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से ठगी की रकम के 80 हजार रुपये बरामद कर लिए।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी करण शिवपुरी पर 27 मामले दर्ज हैं और वह एक आदतन अपराधी है। डीसीपी ने बताया कि जिस ज्वैलर (हिमांशु वर्मा) ने लूटी हुई चेन खरीदी थी, वह फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस सिंडिकेट ने हाल के दिनों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More