दरियागंज पुलिस ने सुलझाई 23 हजार की UPI ठगी, चांदनी महल का घोषित अपराधी ‘परवेज’ गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिला अंतर्गत दरियागंज थाना पुलिस ने “साइबर हॉक 4.0” अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए UPI ठगी के मामले में एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी परवेज (26 वर्ष), निवासी दरियागंज को दबोचा है, जो चांदनी महल थाने का घोषित अपराधी है। आरोपी के बैंक खाते का इस्तेमाल एक पीड़ित से 23,000 रुपये की ऑनलाइन ठगी करने के लिए किया गया था। जांच में पता चला है कि आरोपी पर पहले से चोरी, झपटमारी और हत्या के प्रयास जैसे 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि जिले में साइबर शिकायतों के सत्यापन और ‘म्यूल अकाउंट्स’ की पहचान के लिए “साइबर हॉक 4.0” नामक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दरियागंज एसीपी कमल शर्मा की देखरेख और एसएचओ देवेंद्र कौशिक के नेतृत्व में एसआई संजय, हेड कांस्टेबल सुरेश और कांस्टेबल भूपेंद्र की एक टीम गठित की गई थी। टीम ने जब एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों और संदिग्ध बैंक खातों की स्क्रूटनी की, तो यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के एक खाते में ठगी की रकम आने की पुष्टि हुई।

मामले के विवरण के अनुसार, 13 फरवरी को एक पीड़ित के साथ ऑनलाइन UPI फ्रॉड हुआ था, जिसमें उसके खाते से कुल 23,800 रुपये कट गए थे। इसमें से 23,000 रुपये आरोपी परवेज के खाते में ट्रांसफर हुए थे। पुलिस ने इस संबंध में दरियागंज थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी जांच और बैंक विवरणों के आधार पर खाताधारक की पहचान कर पुलिस ने 5 अप्रैल को आरोपी परवेज को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने अपने एक रिश्तेदार के कहने पर अपना बैंक खाता लेनदेन के लिए उपलब्ध कराया था। उसने ठगी की रकम में से 14,000 रुपये आगे ट्रांसफर कर दिए थे, लेकिन बाकी रकम भेजने से पहले ही उसका खाता सीज हो गया। डीसीपी ने बताया कि आरोपी एक आदतन अपराधी है और कश्मीरी गेट, दरियागंज व हौज काजी जैसे थानों में उसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उस रिश्तेदार और इस साइबर सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है, जो भोले-भले लोगों को निशाना बनाकर उनके खातों का इस्तेमाल ठगी के लिए करते हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More