मंगोलपुरी में पीजी के कमरे में बेड के बॉक्स में मिला महिला का शव, गला घोंटकर की गई हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली का मंगोलपुरी इलाका मंगलवार रात उस वक्त दहल उठा, जब पत्थर मार्केट स्थित एक पीजी के कमरे में रखे बेड के बॉक्स से एक महिला की लाश बरामद हुई। मृतका की पहचान मंगोलपुरी निवासी 35 वर्षीय महिला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, महिला की गला घोंटकर हत्या की गई थी और उसके माथे पर भी चोट के गहरे निशान पाए गए हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को बेड में छिपाकर फरार हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुरेंद्र उर्फ बॉबी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अन्य आरोपियों की पहचान जोगिंदर और दीपक (22) के रूप में हुई है।

घटना का खुलासा तब हुआ जब पत्थर मार्केट स्थित अमरजीत के पीजी में हलचल बंद होने पर मालिक को शक हुआ। सूचना मिलते ही थाना मंगोलपुरी पुलिस ने तीसरी मंजिल पर स्थित कमरे की तलाशी ली, जहाँ बेड खोलते ही अंदर महिला का शव देख पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतका का मुख्य आरोपी के साथ प्रेम प्रसंग था। मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे महिला आरोपी के साथ पीजी में आई थी और करीब एक घंटे तक कमरे में रहने के बाद आरोपी वहां से अकेले ही संदिग्ध हालात में निकल गया था।

पुलिस ने बुधवार को इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238(a) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय मुखबिरों की मदद से पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया है कि वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया था और हत्या के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को बेड के बॉक्स में ठूंस दिया गया था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस हत्याकांड में अन्य दो आरोपियों की क्या भूमिका थी और क्या हत्या के पीछे कोई पुरानी रंजिश या तात्कालिक विवाद कारण बना। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की सघन जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More