पत्नी-बच्चे को जलाया और 1 माह बाद ही पहुंच गया कार छुड़ाने; दान सिंह की एक गलती ने खोल दिया खौफनाक राज!

रामपुर। बीमा धनराशि पाने के लिए पत्नी और बेटे की जलाकर हत्या करने वाले दान सिंह के मन में इतना लालच भरा था कि उसने इसके लिए भागदौड़ भी शुरू कर दी थी। वैसे तो पुलिस को पहले दिन से उस पर संदेह था और उसकी प्रत्येक गतिविधियों पर नजर थी।
उसकी जल्दबाजी से पुलिस का शक और भी गहरा हो गया था। बीमा धनराशि पाने के लिए उसे जली हुई कार की जरूरत थी, जो पुलिस के कब्जे में थी। वह कार छुड़ाने के लिए एक माह बाद ही न्यायालय चला गया था। यह घटना 25 फरवरी की रात हुई थी।

घटना के बाद गंज कोतवाली पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया था। दान सिंह ने कार का भी बीमा कराया था। उसका क्लेम लेने के लिए उसे कार की जरूरत थी। इसके लिए 25 मार्च को दान सिंह ने न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट में कार को रिलीज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। कोर्ट ने इस संबंध में पुलिस से रिपोर्ट मांगी थी। तब पुलिस का शक और गहरा हो गया था।
हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी रिपोर्ट कोर्ट में नहीं दी और अपनी ओर से जानकारी व साक्ष्य जुटाती रही। पुलिस को जैसे ही पर्याप्त साक्ष्य मिले तो पुलिस ने दान सिंह और उसके दो साथियों को पकड़ लिया। पूछताछ की तो दान सिंह ने पुलिस के सामने सच उगल दिया।

उसे अनुमान था कि उसे एक करोड़ से अधिक बीमा की धनराशि मिल सकती है। वह यह धनराशि हासिल कर आराम से जिंदगी गुजर करता और तीसरी शादी करने का ख्वाब देख रहा था। पुलिस की सतर्कता से उसका ख्वाब अधूरा रह गया। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।

अपनी ही साजिश में फंस गया होमगार्ड का बेटा दान सिंह

पत्नी और बेटे की हत्या करने वाल दान सिंह अपनी साजिश में खुद ही फंस गया। उसके पिता इंदल सिंह होमगार्ड हैं, जबकि वह किराए पर गाड़ियां चलाता था। उसकी कुछ गाड़ियां सरकारी विभागों में भी लगी थीं। उसकी पत्नी लता पुलिस में आरक्षी थी और सीतापुर की रहने वाली थी। घटना के समय वह श्रावस्ती जिले में तैनात थीं। 15 जून 2022 को दोनों का प्रेम विवाह हुआ था।

दान सिंह के अनुसार लता यहां से सब कुछ बेचकर सीतापुर रहने का दबाव बना रही थी, जिसके कारण उसकी हत्या की और उसकी मौत से मिलने वाले बीमा की मोटी रकम को हड़पने का प्लान बनाया। हालांकि हड़बड़ाहट में वह गलती पर गलती करता रहा, जिसके कारण पुलिस को उस पर शक हुआ।

घटना के बाद उसके बच्चे की जलकर मौत हो गई थी, लेकिन पत्नी जिंदा थी। वह पत्नी को वही ठिकाने लगाना चाहता था, लेकिन पास में पेट्रोल पंप के कर्मचारी व अन्य ग्रामीणों के आने के कारण ऐसा नहीं कर सका। तब उसने अपने साथी नूर हसन को गाड़ी लेकर बुलाया। हालांकि उसके आने तक एम्बुलेंस भी आ गई थी। बावजूद इसके वह एम्बुलेंस में पत्नी को नहीं ले गया।

पुलिस ने जब कार का मुआयना किया तो उसमें डंपर की टक्कर के निशान नहीं मिले। बहुत हल्की सी खरोंच का निशान मिला। पुलिस को आग लगने का कारण समझ नहीं आया। पुलिस ने कार में लगे गैस सिलिंडर का एआरटीओ कार्यालय के आरआइ से टेक्नीकल मुआयना कराया तो उसमें सिलिंडर पूरी तरह सही पाया गया। सिलिंडर में लीकेज भी नहीं मिली।

शक का सबसे महत्वपूर्ण आधार पुलिस के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट बनी, जिसमें महिला आरक्षी के सिर में चोट के निशान थे। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि हमारा शक दान सिंह पर शुरू से था, लेकिन उसके ससुराल वालों ने जब उस पर कोई आरोप नहीं लगाया तो हमें मजबूरी में दान सिंह की ओर से अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ ही प्राथमिकी दर्ज करनी पड़ी। मृतका की तेरहवीं के बाद पुलिस ने साक्ष्य संकलन शुरू किया। साक्ष्य मिलने के बाद दान सिंह को पकड़ लिया।

टीम को एसपी ने की 25 हजार के इनाम की घोषणा

महिला आरक्षी और उसके बेटे की हत्या की घटना का राजफाश करने वाली पुलिस टीम को एसपी सोमेंद्र मीना ने 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। टीम में गंज कोतवाली प्रभारी पवन कुमार शर्मा समेत 12 पुलिसकर्मी शामिल हैं। इनमें महिला उप निरीक्षक राजवेंद्र कौर भी शामिल है।

छह साल पहले पहली पत्नी की भी सड़क हादसे में हुई थी मौत

दान सिंह की पहली पत्नी रजनी की भी छह साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। रजनी शाहबाद के पस्तोर गांव की रहने वाली थी। 18 दिसंबर 2020 को सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई थी। हादसा मिलक थाना क्षेत्र में रिलायंस पेट्रोल पंप के पास हुआ था।

रांग साइड रोडवेज बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी थी। दान सिंह बाइक से पत्नी के साथ जा रहे थे। इस हादसे में रजनी की मौत हो गई थी, जबकि दान सिंह का एक पैर फ्रैक्चर हो गया था। इसके बाद चार साल पहले ही दान सिंह ने लता से शादी की थी। पुलिस उस हादसे की भी जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More