पटेल नगर पुलिस ने चाकूबाजी कर मोबाइल लूटने वाले दो नाबालिग पकड़े

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिला अंतर्गत पटेल नगर थाना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर एक सनसनीखेज ‘ब्लाइंड रॉबरी’ और चाकूबाजी के मामले को सुलझाते हुए दो विधि विरुद्ध किशोरों को पकड़ा है। पुलिस ने पकड़े गए 14 और 15 वर्षीय इन किशोरों के कब्जे से लूटा गया वन-प्लस मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल अत्याधुनिक चाकू बरामद किया है। इन किशोरों ने लूट का विरोध करने पर एक युवक की जांघ पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि वारदात के लिए इस्तेमाल किया गया चाकू आरोपियों ने मिशु’ शॉपिंग ऐप के जरिए ऑनलाइन मंगवाया था।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 4 अप्रैल को पटेल नगर थाने में चाकूबाजी और लूट की पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता संदीप ने बताया कि उसके भाई, जो गाड़ी साफ करने का काम करता है, को दो अज्ञात लड़कों ने घेरकर चाकू मार दिया और उसका फोन छीनकर फरार हो गए। डीसीपी ने बताया कि पीड़ित को गंभीर हालत में आरएमएल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसके बयान के आधार पर बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी सुनील कुमार की देखरेख और एसएचओ नवीन कुमार के नेतृत्व में एसआई महेश, राहुल व अन्य की एक विशेष टीम गठित की गई।

ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और भागने के संभावित रास्तों पर लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। डीसीपी ने बताया कि फुटेज में दो संदिग्ध भागते हुए नजर आए, जिनका पीछा करते हुए पुलिस उनकी स्पष्ट तस्वीरें प्राप्त करने में सफल रही। इसके बाद स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया गया। 5 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली कि संदिग्ध वेस्ट पटेल नगर इलाके में मौजूद हैं। पुलिस ने तत्काल रणनीतिक जाल बिछाकर दोनों किशोरों को सफलतापूर्वक दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान दोनों किशोरों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। डीसीपी ने बताया कि दोनों आरोपी स्कूल ड्रॉपआउट हैं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से ताल्लुक रखते हैं, जिनके माता-पिता मजदूरी करते हैं। व्यक्तिगत खर्चों और ऐशो-आराम के लिए आसान पैसा कमाने के लालच में उन्होंने अपराध की दुनिया में कदम रखा। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म से चाकू सिर्फ लूटपाट करने के उद्देश्य से खरीदा था। फिलहाल पुलिस ने लूटा गया फोन और चाकू जब्त कर लिया है और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More