बिहार से दिल्ली बुलाकर नाबालिग का सौदा करने की थी तैयारी; कमला मार्केट पुलिस ने बचाया, आरोपी को मौके पर पकड़ा

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिला अंतर्गत कमला मार्केट थाना की महिला पुलिस टीम ने अपनी सूझबूझ और सतर्कता से एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी को मानव तस्करी का शिकार होने से बचा लिया है। पुलिस ने इस मामले में शिवजी दास (52 वर्ष) नामक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जो बिहार से आई इस मासूम को बेचने की फिराक में था। आरोपी ने न केवल किशोरी को नौकरी का झांसा देकर दिल्ली बुलाया, बल्कि उसके साथ छेड़छाड़ की और अंततः एस. एन. मार्ग इलाके में उसका सौदा करने की कोशिश की। समय रहते महिला पुलिस कर्मियों के हस्तक्षेप ने एक गंभीर अपराध को होने से रोक दिया।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 2 अप्रैल की सुबह करीब 10 बजे, कमला मार्केट थाना की सब-इंस्पेक्टर किरण सेठी (चौकी प्रभारी एस. एन. मार्ग), महिला कांस्टेबल खुशबू और पूजा नियमित पेट्रोलिंग ड्यूटी पर थीं। इसी दौरान एक किशोरी ने उनकी ओर मदद के लिए इशारा किया। पुलिस टीम ने तुरंत स्थिति को संभाला और किशोरी को सुरक्षा घेरे में लेकर उसका बयान दर्ज किया। पीड़ित किशोरी दरभंगा, बिहार की रहने वाली है, जो घर में विवाद के बाद एक सहेली की सलाह पर नौकरी की तलाश में दिल्ली आई थी।

डीसीपी ने बताया कि आरोपी शिवजी दास ने उसे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर रिसीव किया और नेहरू विहार स्थित अपने घर ले गया। वहां उसने किशोरी के साथ अश्लील हरकतें कीं और किसी को बताने पर बदनाम करने की धमकी दी। 2 अप्रैल को आरोपी उसे एस. एन. मार्ग स्थित एक पार्किंग में ले गया और उसे वहां रुकने को कहकर खुद किसी ‘दोस्त’ से मिलने चला गया। किशोरी को वहां का माहौल संदिग्ध लगा और जैसे ही उसने महिला पुलिस टीम को गुजरते देखा, तुरंत मदद मांगी।

जांच के दौरान एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ। डीसीपी ने बताया कि जब पुलिस टीम गवाहों के बयान लेने पास की एक दुकान पर पहुँची, तो पता चला कि आरोपी शिवजी दास वहां किशोरी को बेचने के लिए सौदेबाजी कर रहा था। पुलिस की मौके पर मौजूदगी के कारण वह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ कमला मार्केट थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं और पॉक्सो अधिनियम की धारा 12 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पीड़ित किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया और वर्तमान में वह एक शेल्टर होम में सुरक्षित है। डीसीपी ने बताया कि आरोपी मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले का ही रहने वाला है और फिलहाल नेहरू विहार, दिल्ली में रह रहा था। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि क्या आरोपी पहले भी ऐसी मानव तस्करी की वारदातों में शामिल रहा है या किसी बड़े गिरोह का हिस्सा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More