नौकरी मिलने के 6 दिन बाद ही घरेलू नौकर ने उड़ाए सोने के पदक और ऐतिहासिक सिक्के, पुलिस ने किया गिरफ्तार

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी थाना पुलिस ने एक ऐसी चोरी की गुत्थी को सुलझाया है जिसमें एक घरेलू सहायक ने अपने नियोक्ता के विश्वास को तोड़ते हुए घर में बड़ी चोरी को अंजाम दिया था। पुलिस ने इस मामले में आरोपी राकेश कुमार पांडेय (33 वर्ष), निवासी उत्तम नगर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए तीन गोल्ड प्लेटेड पदक, 6 धातु के सिक्के, तीन ऐतिहासिक प्राचीन सिक्के (वर्ष 1919, 1918 और 1877 के), चांदी की पायल, एक सोने के रंग का कड़ा, सैमसंग मोबाइल फोन और यहाँ तक कि चोरी किया गया मिक्सर ग्राइंडर भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी ने नौकरी ज्वाइन करने के महज एक हफ्ते के भीतर ही अलमारी का ताला तोड़कर कीमती सामान और दस्तावेज उड़ा लिए थे।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दरदे शरद भास्कर ने बताया कि 5 अप्रैल को जनकपुरी के एक निवासी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने 29 मार्च को राकेश पांडेय को घरेलू काम के लिए रखा था। लेकिन 4 अप्रैल को आरोपी ने घर की अलमारी का ताला तोड़कर गहने, नकदी और अन्य घरेलू सामान चोरी कर लिया और फरार हो गया। डीसीपी ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जनकपुरी थाना पुलिस की एक समर्पित टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी सर्विलांस और घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का गहन विश्लेषण किया। स्थानीय खुफिया जानकारी और तकनीकी सुरागों की मदद से पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राकेश को सफलतापूर्वक दबोच लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया। डीसीपी ने बताया कि आरोपी ने बेहद शातिर तरीके से कीमती पदकों और पुराने ऐतिहासिक सिक्कों को निशाना बनाया था, जिनकी बाजार में और संग्रहकर्ताओं के बीच काफी कीमत होती है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305/331(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

डीसीपी ने बताया कि इस सफल ऑपरेशन को संबंधित एसीपी और जनकपुरी एसएचओ की देखरेख में अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने पहले भी कहीं और इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है। इस घटना के बाद पुलिस ने एक बार फिर जनता से अपील की है कि किसी भी घरेलू सहायक या कर्मचारी को काम पर रखने से पहले उसका पुलिस वेरिफिकेशन अवश्य करवाएं, ताकि ऐसी वारदातों से बचा जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More