शाम की पेट्रोलिंग के दौरान धरा गया हिस्ट्रीशीटर; भागने की कोशिश में फिसली बाइक, पुलिस ने दबोचा, दो बाइक और मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस के पश्चिमी जिला के अंतर्गत सुभाष नगर चौकी (थाना राजौरी गार्डन) की टीम ने अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक शातिर अपराधी विक्की सुनार उर्फ खाली (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें और दो चोरी के एंड्रॉइड मोबाइल फोन (रेडमी नोट 9 प्रो और रियलमी) बरामद किए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी से तिलक नगर, सुल्तानपुरी, उत्तम नगर और राजौरी गार्डन थानों में दर्ज चोरी के कुल चार मामलों को सुलझा लिया गया है। विक्की सुनार पूर्व में भी वाहन चोरी के 4 अन्य मामलों में संलिप्त रहा है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दरदे शरद भास्कर ने बताया कि शाम और रात के समय बढ़ती आपराधिक वारदातों को रोकने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सुभाष नगर चौकी प्रभारी एसआई विक्रांत सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। डीसीपी ने बताया कि 4 अप्रैल की शाम को जब पुलिस टीम सुभाष नगर के डीडीए पार्क के पास पेट्रोलिंग कर रही थी, तब उन्हें एक संदिग्ध बाइक सवार नजर आया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी ने बाइक की रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। इसी दौरान उसकी बाइक फिसल गई और सतर्क पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उसे काबू कर लिया।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी जिस मोटरसाइकिल पर सवार था, वह तिलक नगर थाने के एक मामले में चोरी की पाई गई थी। डीसीपी ने बताया कि जब आरोपी की जामा तलाशी ली गई, तो उसके पास से दो महंगे मोबाइल फोन बरामद हुए। तकनीकी जांच में स्पष्ट हुआ कि ये दोनों फोन राजौरी गार्डन और उत्तम नगर इलाकों से चोरी किए गए थे। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी विक्की उर्फ खाली ने वाहन चोरी की कई अन्य वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। डीसीपी ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर सुल्तानपुरी इलाके से चोरी की गई एक और मोटरसाइकिल पुलिस ने बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी विक्की सुनार केवल छठी कक्षा तक पढ़ा है और दिहाड़ी मजदूरी की आड़ में चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पकड़े गए सभी चोरी के सामान को कानूनी प्रक्रिया के तहत मालखाने में जमा कर दिया गया है। डीसीपी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है और अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वह चोरी के इन वाहनों और फोन को किन्हें बेचने की योजना बना रहा था। इस सफल ऑपरेशन को राजौरी गार्डन एसएचओ रविंद्र जोशी की देखरेख और एसीपी राजौरी गार्डन की निगरानी में अंजाम दिया गया।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More