द्वारका पुलिस ने सुलझाई मोहन गार्डन की दोहरी हत्या की गुत्थी, पिता और चाचा का कत्ल कर फरार हुआ आरोपी बेटा गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला अंतर्गत उत्तम नगर थाना पुलिस ने मोहन गार्डन इलाके में हुई दोहरी हत्या (डबल मर्डर) की गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी ईश्वर (22 वर्ष) को नजफगढ़ रोड के पास से दबोचा है, जिसने शराब के नशे में हुए झगड़े के बाद अपने पिता देवेन्द्र कुमार (50 वर्ष) और चाचा अमित (48 वर्ष) की बेरहमी से पिटाई कर उनकी जान ले ली थी। घटनास्थल से शराब की बोतलें और बिखरा हुआ सामान बरामद हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और स्थानीय जांच के आधार पर इस ‘ब्लाइंड मर्डर’ मिस्ट्री का पर्दाफाश किया।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि 4 अप्रैल 2026 को मोहन गार्डन के एक घर में दो व्यक्तियों के संदिग्ध अवस्था में मृत पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम जब मौके पर पहुँची, तो देवेन्द्र कुमार और अमित के शव कमरे के फर्श पर पड़े मिले। देवेन्द्र ईएसआई में कार्यरत थे और महज 10-12 दिन पहले ही अपने भाई और बेटे के साथ यहाँ किराये पर रहने आए थे। शुरुआती जांच में कमरे के हालात अस्त-व्यस्त थे और वहां काफी मात्रा में शराब की बोतलें पड़ी थीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि दोनों की मौत शारीरिक हमले के दौरान आई आंतरिक चोटों के कारण हुई है।

तफ्तीश के दौरान मकान मालिक नरेश कुमार ने बताया कि 3 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे घर में झगड़े और शोर-शराबे की आवाज सुनकर वे अपने बेटे के साथ वहां गए थे। तब दरवाजा ईश्वर ने खोला था, जो नशे में धुत था। मकान मालिक ने उसे शांत रहने की सलाह दी और वापस चले गए। लेकिन बाद में पता चला कि ईश्वर ने अपने पिता और चाचा के साथ फिर से मारपीट की और उन्हें मौत के घाट उतारकर फरार हो गया। डीसीपी ने बताया कि घटना के बाद से ही आरोपी ईश्वर गायब था, जिसकी तलाश में इंस्पेक्टर मुकेश कुमार के नेतृत्व में एएसआई राजेश, हेड कांस्टेबल नवीन, प्रकाश, मनोज और कांस्टेबल कुलदीप की एक विशेष टीम गठित की गई।

मशक्कत और तकनीकी सर्विलांस के बाद पुलिस टीम ने 7 अप्रैल को आरोपी ईश्वर को मोहन गार्डन के सी-1 ब्लॉक के पास मुख्य नजफगढ़ रोड से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उत्तम नगर थाने में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। डीसीपी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ कर झगड़े की मुख्य वजह और घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More