बहादुरगढ़ बॉर्डर के रास्ते दिल्ली में अवैध सप्लाई का भंडाफोड़, फोर्ड फिगो कार और भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला पुलिस द्वारा शुरू किए गए विशेष अभियान “नशे पर लगाम, देश को सलाम!!” के तहत एंटी-नारकोटिक्स सेल ने अवैध शराब की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने उत्तम नगर इलाके में जाल बिछाकर आरोपी सुमित कुमार (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया है, जो अपनी फोर्ड फिगो कार में भारी मात्रा में शराब की खेप ले जा रहा था। तलाशी के दौरान कार से 50 पेटी अवैध देशी शराब बरामद की गई है, जो केवल हरियाणा में बिक्री के लिए अधिकृत थी। यह आरोपी बहादुरगढ़ बॉर्डर के रास्ते हरियाणा से शराब लाकर द्वारका जिले के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई करता था।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि नशे के व्यापार पर पूरी तरह अंकुश लगाने और युवाओं को इस सामाजिक बुराई से बचाने के लिए जिले की सभी टीमों को निर्णायक युद्ध का टास्क दिया गया है। इसी क्रम में एसीपी ऑपरेशंस सुभाष मलिक की देखरेख और इंस्पेक्टर सुभाष चंद के नेतृत्व में एक विशेष टीम (एचसी जितेंद्र, जयभगवान, महिपाल और कांस्टेबल राहुल) का गठन किया गया था। डीसीपी ने बताया कि 3 अप्रैल को टीम को गुप्त सूचना मिली कि सुमित कुमार नामक तस्कर हरियाणा से शराब की खेप लेकर उत्तम नगर की ओर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने उत्तम नगर टर्मिनल के पास रणनीतिक घेराबंदी की।

ऑपरेशन के विवरण देते हुए डीसीपी ने बताया कि जब संदिग्ध सिल्वर रंग की फोर्ड फिगो कार मौके पर पहुँची, तो पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने बहादुरी से पीछा करते हुए उसकी कार को ब्लॉक कर उसे दबोच लिया। कार की जाँच करने पर उसमें ठूस-ठूस कर भरी गई शराब की 50 पेटियाँ बरामद हुईं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उत्तम नगर थाने में दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33/38/58(d) के तहत एफआईआर दर्ज की और आरोपी को कानूनी प्रक्रिया के तहत हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी सुमित कुमार ने बताया कि वह रनहोला गाँव का रहने वाला है और पेशे से ड्राइवर है। कम पढ़ा-लिखा होने और कोई पक्की नौकरी न मिलने के कारण वह जल्दी पैसा कमाने के लालच में इस अवैध धंधे में उतरा। डीसीपी ने बताया कि आरोपी देवेंद्र नामक व्यक्ति के संपर्क में आया था, जिसने उसे शराब तस्करी के मुनाफे के बारे में बताया। इसके बाद सुमित ने एक पुरानी कार फाइनेंस पर खरीदी और शराब की सप्लाई शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस इस गिरोह के मुख्य सूत्रधार देवेंद्र की तलाश कर रही है और यह पता लगा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन से बड़े नाम शामिल हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More