दिल्ली की पॉश कॉलोनी में कुक को रौंदने वाली ‘सियाज’ बरामद, बेटा और मां गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण जिला पुलिस ने ग्रेटर कैलाश-1 इलाके में हुए सनसनीखेज हिट एंड रन मामले की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी चालक और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया है। बीते 31 मार्च को बी-ब्लॉक में एक बेलगाम सिल्वर रंग की मारुति सियाज कार ने बाइक सवार 41 वर्षीय सुरेंद्र दास को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया था, जबकि घायल सुरेंद्र को नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी कैमरों की मदद से न केवल दुर्घटना में शामिल कार को बरामद किया, बल्कि साक्ष्य छिपाने के आरोप में कार की मालकिन को भी नामजद किया है।

जांच के दौरान पुलिस ने दुर्घटनास्थल से लेकर संभावित रास्तों तक के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। दक्षिण जिला के डीसीपी अनंत मित्तल के अनुसार, परिवहन कार्यालय से संदिग्ध वाहनों का विवरण जुटाकर कई पतों पर भौतिक सत्यापन किया गया। आखिरकार पुलिस की टीम आरोपी रूहान चड्ढा (19) तक पहुँचने में सफल रही। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि हादसे के वक्त वह घबरा गया था और जल्दबाजी में कार भगाते समय उसने लापरवाही से बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस ने कार को दुर्घटनाग्रस्त हालत में बरामद कर मालखाने में जमा करा दिया है।

इस मामले में पुलिस ने आरोपी चालक की मां निहारिका चड्ढा के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की है। जांच में खुलासा हुआ कि हादसे की जानकारी होने के बावजूद मां ने बेटे को बचाने का प्रयास किया और क्षतिग्रस्त कार को छिपाकर उसे गुपचुप तरीके से ठीक कराने की कोशिश की। इसी आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 238 के तहत साक्ष्य छिपाने और आरोपी को शरण देने के आरोप में उन्हें भी बुक किया है। पुलिस का कहना है कि मामला अब अग्रिम चरण में है और न्याय प्रक्रिया को सुनिश्चित करने के लिए सभी वैज्ञानिक साक्ष्यों को एकत्रित किया जा रहा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More