अमन विहार में नाबालिग से यौन उत्पीड़न; पिता के परिचित ने किया मर्यादा तार-तार, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के अमन विहार थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची के साथ छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न का शर्मनाक मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 32 वर्षीय आरोपी सदरुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पीड़ित बच्ची के पिता का परिचित बताया जा रहा है और दोनों एक ही समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। फिलहाल, अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 2 अप्रैल की है, जब पीसीआर कॉल के जरिए नाबालिग बच्ची के साथ यौन हमले की सूचना प्राप्त हुई थी। अमन विहार थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर पीड़ित बच्ची के माता-पिता की मौजूदगी में उसका बयान दर्ज किया। बच्ची के बयान और मेडिकल जांच के आधार पर पुलिस ने उसी दिन भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी सदरुद्दीन (32), जो अमन विहार इलाके का ही रहने वाला है, पीड़ित के परिवार का जानकार था। इसी जान-पहचान का फायदा उठाकर उसने मासूम बच्ची के साथ घिनौनी हरकत की। पुलिस ने आरोपी की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।

अमन विहार थाना पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है। पीड़ित बच्ची की काउंसलिंग कराई गई है और मामले में पुख्ता साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भारी रोष है और पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल, मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More