जेल से बाहर आते ही फिर शुरू की सेंधमारी, चोरी के 3 मोबाइल फोन के साथ पकड़ा गया

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली की एंटी-स्नैचिंग एंड बर्गलरी सेल ने ‘ऑपरेशन स्ट्रीट शील्ड’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक ऐसे शातिर सेंधमार को गिरफ्तार किया है, जो पैरोल पर जेल से बाहर आने के बावजूद वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पकड़ा गया आरोपी कल्याणपुरी थाने का घोषित अपराधी है और उस पर हत्या के प्रयास व लूट जैसे 15 गंभीर मामले दर्ज हैं।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 5 अप्रैल को कल्याणपुरी निवासी राजू ने अपने घर में रात के समय हुई सेंधमारी की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें एक आईफोन और एक ओप्पो फोन चोरी होने की बात कही गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ऑपरेशंस पवन कुमार के मार्गदर्शन और एएसबी सेल प्रभारी एसआई अजय तोमर के नेतृत्व में एक विशेष टीम (एएसआई साबू, हेड कांस्टेबल शैलेंद्र, मनेंद्र व अन्य) का गठन किया गया।

जांच टीम ने तकनीकी और मैनुअल तरीके से काम शुरू किया। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर संदिग्ध का चेहरा आंशिक रूप से दिखाई दिया। स्थानीय मुखबिरों की मदद से संदिग्ध की पहचान दीप सिंह उर्फ दीपक उर्फ दीप्ला (36 वर्ष) के रूप में हुई। पुलिस ने पुख्ता जानकारी के आधार पर कल्याणपुरी स्थित उसके आवास पर छापेमारी की और उसे धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी के तीनों मोबाइल फोन बरामद हो गए।

पूछताछ में सामने आया कि दीप सिंह अनपढ़ है और मजदूरी का काम करता है, लेकिन वह स्मैक और गांजे के नशे का आदी है। वह 12 अप्रैल 2026 तक पैरोल पर बाहर था, लेकिन उसने बाहर आते ही फिर से अपराध शुरू कर दिए। वह कल्याणपुरी थाने का लिस्टेड ‘बैड कैरेक्टर’ है और पहले से ही जबरन वसूली, झपटमारी, लूट और हत्या के प्रयास जैसे 15 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और बरामद माल को केस प्रॉपर्टी के रूप में जब्त कर लिया गया है। इस त्वरित कार्रवाई से न केवल चोरी का माल बरामद हुआ, बल्कि क्षेत्र में होने वाली संभावित अन्य वारदातों पर भी अंकुश लगा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More