नंगलोई पुलिस ने किराड़ी फाटक के पास दबोचे तीन शातिर चोर, सोने-चांदी के जेवर और बाइक बरामद

नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के थाना नंगलोई की पुलिस टीम ने क्षेत्र में हुई सेंधमारी की एक वारदात को सुलझाते हुए तीन सक्रिय चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से सोने की अंगूठी, चांदी की पायल, बिछिया और अन्य आभूषण बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपियों में से दो का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वे पहले भी दर्जनों वारदातों में शामिल रहे हैं।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 31 मार्च को नंगलोई थाने में रात के समय हुई एक सेंधमारी के संबंध में ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी नंगलोई नरेश सोलंकी के मार्गदर्शन और नंगलोई थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पवन तोमर के नेतृत्व में एक विशेष टीम (हेड कांस्टेबल दीपक, कांस्टेबल विक्रांत और खुशी राम) का गठन किया गया।

जांच टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की सघन जांच की और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 5 अप्रैल 2026 को पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि चोरी में शामिल तीन संदिग्ध किराड़ी फाटक के पास मोटरसाइकिल के साथ मौजूद हैं और चोरी का माल बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क टीम ने पीछा कर तीनों को सफलतापूर्वक दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान रविंद्र उर्फ रॉबिन उर्फ रॉकी (22 वर्ष), अभिषेक उर्फ बाबू (22 वर्ष) और विशाल (25 वर्ष) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी की गई सोने की अंगूठी, चांदी की दो जोड़ी पायल, बिछिया और अन्य जेवर बरामद हुए। आरोपी रविंद्र की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल वारदात को अंजाम देने के लिए किया गया था। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने चोरी की गई कुछ नकदी और जेवर बेचकर उन पैसों को नशे की जरूरतों पर खर्च कर दिया था।

जांच में सामने आया कि आरोपी विशाल पर पहले से ही चोरी और आर्म्स एक्ट के सात मामले दर्ज हैं, जबकि रविंद्र पर चोरी व सेंधमारी के चार मामले दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है और बरामद माल को कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है ताकि चोरी का शेष सामान बरामद किया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More