भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल उड़ाने वाला ‘मास्टर’ धरा गया, शकरपुर पुलिस ने त्रिलोकपुरी के आदतन अपराधी से बरामद किए 5 मोबाइल फोन

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के थाना शकरपुर की पुलिस टीम ने क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक कुख्यात और आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पांच महंगे मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पकड़ा गया आरोपी दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज लूट, झपटमारी और चोरी के 24 से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 17 फरवरी को शकरपुर के मदर डेयरी रोड के पास से एक मोबाइल फोन चोरी होने की ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी प्रीत विहार के मार्गदर्शन और शकरपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम (एसआई अनुभव, एएसआई प्रवीण, हेड कांस्टेबल राहुल और गौतम) का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों पर निगरानी बढ़ा दी।

3 अप्रैल को गश्त के दौरान टीम ने अक्षरधाम फ्लाईओवर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान इंतज़ार उर्फ इम्तियाज (30 वर्ष) निवासी त्रिलोकपुरी के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से 5 मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनके बारे में वह कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

जांच में सामने आया कि इंतज़ार एक शातिर अपराधी है जो सार्वजनिक और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लोगों को निशाना बनाता था। वह लोगों का ध्यान भटकने का इंतजार करता और बिजली की तेजी से मोबाइल छीनकर फरार हो जाता था। वह पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलता रहता था और चोरी के फोन बेचकर पैसे कमाता था।

पकड़ा गया आरोपी पहले गाजीपुर मीट मंडी में मजदूरी करता था, लेकिन वर्तमान में बेरोजगार होने के कारण पूरी तरह अपराध की दुनिया में सक्रिय था। पुलिस ने उसके पास से रियलमी C53, सैमसंग गैलेक्सी Z फ्लिप 6, मोटोरोला एज 50, आईफोन 13 और ओप्पो A16 बरामद किए हैं। इनमें से तीन फोन शकरपुर, मधु विहार और कल्याणपुरी से चोरी/गुमशुदा पाए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह चोरी के मोबाइल किन रिसीवरों को बेचता था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More