मोती नगर के रामा रोड पर संदिग्ध हालत में मिला अज्ञात शव, प्लास्टिक के बैग में भरकर फेंकी गई थी लाश, हत्या की आशंका

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामा रोड स्थित प्रेम नगर फाटक के पास शनिवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव को एक बड़े सफेद प्लास्टिक के कट्टे में भरकर एक फैक्ट्री के गेट के सामने फेंका गया था। शव काफी पुरानी और सड़ी-गली अवस्था में पाया गया है, जिससे पूरे इलाके में दुर्गंध फैल गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 07:30 बजे पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि रामा रोड स्थित एक फैक्ट्री/गोदाम के सामने एक संदिग्ध सफेद बैग पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही मोती नगर थाना पुलिस मौके पर पहुँची। कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान शंकर के रूप में हुई, जो उसी फैक्ट्री में सुरक्षा गार्ड का काम करता है। शंकर ने पुलिस को बताया कि वह पिछली रात मच्छरों के कारण कहीं और सोने चला गया था, लेकिन जब वह सुबह वापस लौटा तो उसे गेट के सामने रस्सी से बंधा हुआ एक बड़ा प्लास्टिक का बोरा दिखा, जिसमें से भारी बदबू आ रही थी।

पुलिस की मौजूदगी में जब क्राइम टीम ने बैग को खोला, तो उसके भीतर एक लगभग 40 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला। मृतक ने नीली जींस और पीच रंग की पूरी बाजू की शर्ट पहनी हुई थी। मृतक के चेहरे पर हल्की दाढ़ी थी, लेकिन प्राथमिक निरीक्षण में शरीर पर चोट के कोई बाहरी निशान नजर नहीं आए हैं। हालांकि, शव की स्थिति को देखते हुए अंदेशा जताया जा रहा है कि उसकी मौत कुछ दिन पहले हुई होगी।

घटनास्थल पर तत्काल फॉरेंसिक और जिला क्राइम टीम को बुलाया गया, जिन्होंने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी की। शव को सुरक्षित तरीके से बॉडी बैग में रखकर दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल की मोर्चरी में शिनाख्त के लिए भेज दिया गया है। मोती नगर थाना पुलिस आसपास की फैक्ट्रियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह बैग वहां कब और किसने फेंका। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल, इस रहस्यमयी मौत को लेकर पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More