सुल्तानपुरी में किशोर के साथ बेरहमी से मारपीट, चेहरे पर आए गंभीर घाव, पुलिस ने एक नाबालिग को लिया हिरासत में

नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत एफ-6 ब्लॉक में एक 14 वर्षीय किशोर के साथ मारपीट और उसे गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। इस झगड़े में किशोर के दोनों गालों पर गहरे घाव आए हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि इस गंभीर वारदात के बाद कोई पीसीआर कॉल नहीं की गई थी और घायल को सीधे अस्पताल ले जाया गया। सुल्तानपुरी थाना पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पहचान 14 वर्षीय के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि एफ-6 ब्लॉक के पास आर का विवाद दो अन्य लड़कों के साथ हुआ था, जिनमें से एक की उम्र करीब 16 वर्ष और दूसरे की 18 से 20 वर्ष के बीच बताई जा रही है। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने किशोर पर हमला कर दिया, जिससे उसके चेहरे के दोनों तरफ गंभीर चोटें आईं।

घायल किशोर को तुरंत मंगोलपुरी स्थित संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसका मेडिकल कराया गया। हालांकि, शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट में डॉक्टर द्वारा घावों के सटीक आकार का उल्लेख नहीं किया गया है। पुलिस ने अस्पताल से मिली जानकारी और पीड़ित के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

सुल्तानपुरी थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत छापेमारी की और वारदात में शामिल एक नाबालिग को पकड़ लिया है। पुलिस अब दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है जिसकी उम्र 18 से 20 साल के बीच बताई जा रही है। जांच अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि यह झगड़ा किस बात को लेकर शुरू हुआ था और क्या हमले में किसी धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया था। फिलहाल, इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है और पुलिस फरार आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More