केशव पुरम पुलिस ने तीन नाबालिगों को पकड़ा; चोरी के दो मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले के थाना केशव पुरम की पुलिस टीम ने चोरी और वाहन चोरी के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कानून के साथ संघर्ष कर रहे तीन किशोरों को पकड़ा है। इन नाबालिगों के कब्जे से पुलिस ने दो चोरी के मोबाइल फोन और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। इस कार्रवाई से केशव पुरम थाने में दर्ज चोरी और एमवीटी के तीन अलग-अलग मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा हुआ है।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 27 मार्च को केशव पुरम थाने में एक मोटरसाइकिल चोरी के संबंध में ई-एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी अशोक विहार आकाश रावत के मार्गदर्शन और केशव पुरम थाना प्रभारी राजीव मलिक के नेतृत्व में एक विशेष टीम (एसआई विनय मलिक, हेड कांस्टेबल रमेश, लक्ष्मीकांत और विनोद) का गठन किया गया।

जांच टीम ने शिकायतकर्ता से विस्तृत जानकारी ली और घटनास्थल के आसपास लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी की मदद से आरोपियों के भागने के रास्ते की पहचान की गई। अंततः एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तीन किशोरों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो मोबाइल फोन मिले, जो केशव पुरम इलाके से ही चोरी किए गए थे।

पकड़े गए किशोरों से जब गहन पूछताछ की गई, तो उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने आसान तरीके से पैसे कमाने के लालच में इन वारदातों को अंजाम दिया था। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। जांच में पुष्टि हुई कि यह वही मोटरसाइकिल है जिसकी चोरी की रिपोर्ट 27 मार्च को दर्ज कराई गई थी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इन किशोरों के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ तो नहीं है जो नाबालिगों का इस्तेमाल चोरी के लिए करता हो। फिलहाल कानूनी प्रक्रिया के तहत किशोरों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More