वजीरपुर के दो शातिर स्नैचर सह ऑटो-लिफ्टर गिरफ्तार; चोरी की 2 स्कूटियां, छीना हुआ मोबाइल और खंजर बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले के थाना अशोक विहार की पुलिस टीम ने क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ एक सफल ऑपरेशन चलाते हुए दो शातिर स्नैचर सह ऑटो-लिफ्टरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से छीना हुआ एक मोबाइल फोन, चोरी की दो स्कूटियां, एक बटनदार चाकू और एक खंजर बरामद किया है। इस गिरफ्तारी से शालीमार बाग, रूप नगर और मॉडल टाउन थानों में दर्ज लूट और वाहन चोरी की कई गुत्थियां सुलझ गई हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 31 मार्च को नियमित गश्त के दौरान हेड कांस्टेबल दरवेश और करनपाल को पुख्ता सूचना मिली कि दो बदमाश चोरी की स्कूटी पर सवार होकर अशोक विहार इलाके में स्नैचिंग करने आने वाले हैं। सूचना मिलते ही एसीपी अशोक विहार आकाश रावत के मार्गदर्शन और अशोक विहार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

शाम लगभग 07:30 बजे पुलिस टीम ने स्कूटी पर दो संदिग्धों को आते देखा और उन्हें रुकने का इशारा किया। पुलिस की मौजूदगी देख आरोपियों ने यू-टर्न लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क टीम ने पीछा कर उन्हें कुछ ही दूरी पर दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान तौफीक मलिक उर्फ तौसीफ (25 वर्ष) और संदीप कुमार (25 वर्ष) के रूप में हुई, जो वजीरपुर गांव के ही रहने वाले हैं।

तलाशी के दौरान आरोपी तौफीक से एक बटनदार चाकू और संदीप से एक खंजर बरामद हुआ। जिस स्कूटी पर वे सवार थे, वह थाना रूप नगर से चोरी की पाई गई। उनके पास से मिला मोबाइल फोन 27 मार्च को थाना शालीमार बाग क्षेत्र से छीना गया था। आरोपियों की निशानदेही पर एक अन्य चोरी की स्कूटी भी बरामद की गई जो थाना मॉडल टाउन से चोरी हुई थी।

जांच में सामने आया कि तौफीक मलिक पर पहले से ही लूट व स्नैचिंग के चार मामले और संदीप कुमार पर दो मामले दर्ज हैं। दोनों सक्रिय अपराधी हैं और कम समय में अधिक पैसा कमाने के लिए वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने इस संबंध में थाना अशोक विहार में आर्म्स एक्ट और बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More