संगम पार्क में अखाड़े के पास से धरा गया आदतन अपराधी साहिल, 4 थानों के चोरी के मामले सुलझे

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले के थाना भारत नगर के अंतर्गत आने वाली संगम पार्क पुलिस चौकी की टीम ने क्षेत्र में गश्त के दौरान एक शातिर ऑटो-लिफ्टर सह चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की चार स्कूटियां और एक अवैध बटनदार चाकू बरामद किया है। पकड़े गए आरोपी के विरुद्ध पूर्व में ही बाह्य निष्कासन की कार्यवाही प्रक्रियाधीन थी, इसके बावजूद वह लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा था।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि अपराध नियंत्रण के लिए एसीपी अशोक विहार आकाश रावत के मार्गदर्शन और भारत नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राम किशोर के नेतृत्व में संगम पार्क चौकी प्रभारी एसआई राजेश पिलानिया की एक विशेष टीम गठित की गई थी। 31 मार्च को हेड कांस्टेबल राकेश और संदीप संगम पार्क के डीएसयू कॉलोनी स्थित अखाड़े के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान टीम ने एक स्कूटी पर सवार संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर दबोच लिया।

तलाशी लेने पर आरोपी के पास से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ और जिस स्कूटी पर वह सवार था, वह थाना मोती नगर से चोरी की पाई गई। पूछताछ में आरोपी की पहचान साहिल उर्फ गटला (23 वर्ष) निवासी कबीर नगर के रूप में हुई। पुलिस ने इस संबंध में थाना भारत नगर में आर्म्स एक्ट की धारा 25/27/54 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।

गहन पूछताछ के दौरान आरोपी साहिल ने स्वीकार किया कि उसने आसान पैसे कमाने के लिए चोरी का रास्ता चुना। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तीन अन्य स्कूटियां भी बरामद कीं, जो मॉडल टाउन, कीर्ति नगर और जगतपुरी इलाकों से चुराई गई थीं। जांच में सामने आया कि साहिल उर्फ गटला एक सक्रिय अपराधी है और उस पर पहले से ही चोरी व आर्म्स एक्ट के 9 पूर्व आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस की इस मुस्तैदी से चार अलग-अलग थानों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों का निपटारा हो गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है ताकि उसके अन्य साथियों और चोरी के वाहनों को ठिकाने लगाने वाले गिरोह का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More