स्पेशल स्टाफ ने शातिर झपटमार को किया गिरफ्तार; नकद रुपए और दो मोटरसाइकिल बरामद, 5 मामले सुलझे

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिले के स्पेशल स्टाफ की टीम ने झपटमारी और चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाते हुए एक सक्रिय अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹40,000 की नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस गिरफ्तारी के साथ ही थाना पांडव नगर और मयूर विहार में दर्ज झपटमारी के पांच आपराधिक मामले सुलझा लिए गए हैं।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि क्षेत्र में सक्रिय झपटमारों की पहचान करने के लिए एसीपी ऑपरेशंस पवन कुमार के मार्गदर्शन और स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र मलिक के नेतृत्व में एक समर्पित टीम (एचसी हिमांशु, एचसी नरेश व अन्य) का गठन किया गया था। टीम के सदस्यों ने सादे कपड़ों में संवेदनशील इलाकों में फील्डवर्क किया और तकनीकी निगरानी के जरिए संदिग्धों पर नजर रखी।

2 अप्रैल को पुलिस को एक पुख्ता सूचना मिली कि एक शातिर झपटमार अक्षरधाम फ्लाईओर के नीचे नोएडा यू-टर्न की ओर आने वाला है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने रणनीतिक घेराबंदी की और बबलू (40 वर्ष) को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से ₹40,000 नकद बरामद हुए, जो मयूर विहार थाने में दर्ज एक लूट के मामले से जुड़े पाए गए। मौके से वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जब्त की गई और आरोपी की निशानदेही पर पास में ही खड़ी दूसरी मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।

पूछताछ में सामने आया कि बबलू मदनगीर का रहने वाला है और अनपढ़ है। वह दिहाड़ी मजदूरी का काम करता है, लेकिन कम समय में ज्यादा पैसे कमाने के चक्कर में झपटमारी की वारदातों को अंजाम देने लगा। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी पहले भी मालवीय नगर और सी.आर. पार्क थानों में दर्ज लूट और चोरी के मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने इस संबंध में थाना पांडव नगर में बीएनएसएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। फिलहाल पुलिस आरोपी से उसके अन्य साथियों और अन्य संभावित वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More