प्रीत विहार के क्लब में पार्टी के दौरान विवाद, बाहर निकलते ही युवक को मारी गोली, हमलावर फरार

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के पॉश इलाके प्रीत विहार में शनिवार तड़के एक क्लब के बाहर हुई गोलाबारी की घटना से हड़कंप मच गया। ‘शोशा क्लब’ में दोस्तों के साथ पार्टी करने आए एक 21 वर्षीय युवक को अज्ञात हमलावरों ने पैर में गोली मार दी। घायल युवक को तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। प्रीत विहार थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, तड़के करीब 04:33 बजे पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि नूर-ए-इलाही (घोंडा) निवासी समीर (21) को गोली लगी है और वह अस्पताल में भर्ती है। पूछताछ में सामने आया कि समीर और उसका दोस्त अरहम अपने अन्य साथियों के साथ क्लब आए थे। क्लब के अंदर ही अरहम की किसी अन्य गुट के युवकों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष बहस करते हुए क्लब से बाहर सर्विस रोड पर आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाहर पहले से ही कुछ अन्य युवक मौजूद थे। इसी दौरान एक अज्ञात युवक ने तमंचा निकाला और समीर पर फायरिंग कर दी। गोली समीर के दाएं पैर में घुटने के नीचे लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अपने साथियों सहित मौके से फरार हो गए। समीर के दोस्तों ने उसे तुरंत जीटीबी अस्पताल पहुँचाया। गनीमत रही कि गोली पैर में लगी और समीर की जान खतरे से बाहर है।

प्रीत विहार थाना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। घायल समीर ने बयान दिया है कि वह हमलावर को नहीं पहचानता है। पुलिस अब क्लब के अंदर लगे कैमरों और बाहर सर्विस रोड के सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या यह विवाद पुरानी रंजिश का परिणाम था या मौके पर ही उपजे गुस्से के कारण गोली चली। फिलहाल, अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More