चोरी की स्कूटी से मोबाइल झपटमारी का खेल खत्म, प्रीत विहार पुलिस ने सुलझाई चोरी की कई गुत्थियाँ, दो फोन जब्त

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिले के थाना प्रीत विहार की पुलिस टीम ने मुस्तैदी और प्रभावी गश्त का परिचय देते हुए दो शातिर ऑटो-लिफ्टरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की एक नीली होंडा एक्टिवा स्कूटी और दो चोरी के सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से गीता कॉलोनी और प्रीत विहार थानों में दर्ज चोरी के कई मामले सुलझ गए हैं।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि स्ट्रीट क्राइम को रोकने और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने के लिए एसीपी अशोक कुमार के मार्गदर्शन और प्रीत विहार थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मुकेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम (एचसी पुष्पेंद्र, राम सिंह, रविंदर और कांस्टेबल चेतन) तैनात की गई थी। 1 अप्रैल को चित्रा विहार रोड के पास निवारक गश्त के दौरान टीम ने बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर सवार दो संदिग्धों को देखा। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया।

जांच के दौरान जिपनेट के माध्यम से पता चला कि बरामद स्कूटी साल 2025 में थाना गीता कॉलोनी से चोरी हुई थी। तलाशी के दौरान आरोपी मोहिन उर्फ कट्टर के पास से सैमसंग गैलेक्सी A54 और गुलफाम उर्फ तब्बा के पास से सैमसंग M31 मोबाइल फोन बरामद हुआ। ये दोनों फोन भी प्रीत विहार थाने से चोरी के पाए गए। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने स्कूटी तीन महीने पहले चुराई थी और इसका इस्तेमाल वे मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए कर रहे थे।

पकड़े गए आरोपियों में मोहिन उर्फ कट्टर (25 वर्ष) शास्त्री नगर का रहने वाला है और उस पर पहले से ही चोरी व झपटमारी के 10 मामले दर्ज हैं। दूसरा आरोपी गुलफाम उर्फ तब्बा (23 वर्ष) खुरेजी खास का निवासी है और वह भी सात आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने दोनों को बीएनएसएस की धारा 35.1(E) और 106 के तहत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और बेचे गए चोरी के सामान के बारे में पूछताछ कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More