पहाड़गंज के मेडिकल स्टोर से चल रहे ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़; भारी मात्रा में नशीली सिरप और कैप्सूल बरामद

नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के एंटी-नार्कोटिक्स स्क्वाड ने नशे के खिलाफ जारी अपनी मुहिम में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने निहाल विहार में दर्ज एक पुराने ड्रग केस की जांच को आगे बढ़ाते हुए पहाड़गंज स्थित एक मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की और भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद की हैं। इस कार्रवाई में मेडिकल स्टोर के मालिक तुषार मल्होत्रा (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके पास से 60 बोतल कोडिन-आधारित कफ सिरप और 296 ट्रामाडोल कैप्सूल जब्त किए हैं, जो एनडीपीएस एक्ट के तहत व्यावसायिक मात्रा की श्रेणी में आते हैं।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 26 मार्च को निहाल विहार थाने में ड्रग तस्करी का एक मामला दर्ज किया गया था, जिसमें तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपी अमन ने खुलासा किया कि वह पहाड़गंज के एक मेडिकल स्टोर से बिना किसी डॉक्टर के पर्चे के नशीली दवाएं और सिरप खरीदता था। इस महत्वपूर्ण सुराग पर काम करते हुए 2 अप्रैल को एंटी-नार्कोटिक्स स्क्वाड और ड्रग इंस्पेक्टर की टीम ने पहाड़गंज में चिन्हित मेडिकल स्टोर पर संयुक्त छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान स्टोर का मालिक तुषार मल्होत्रा मौजूद था। तलाशी लेने पर दुकान के अंदर से 10 बोतल कोडिन सिरप और 296 ट्रामाडोल कैप्सूल मिले। जब पुलिस ने दुकान के बाहर खड़ी उसकी स्कूटी की तलाशी ली, तो वहां से 50 और बोतलें बरामद हुईं। आरोपी इन दवाओं की खरीद या बिक्री से संबंधित कोई भी वैध रिकॉर्ड पेश नहीं कर सका। पुलिस ने नशीली दवाओं के साथ वारदात में इस्तेमाल स्कूटी को भी जब्त कर लिया है।

पकड़ा गया आरोपी तुषार मल्होत्रा दिल्ली के मोतिया खान इलाके का रहने वाला है। वह मेडिकल स्टोर की आड़ में युवाओं को नशे के लिए इस्तेमाल होने वाली दवाएं सप्लाई कर रहा था। पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21/22/25/29 और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की धारा 18C के तहत कार्रवाई तेज कर दी है। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क के अन्य संपर्कों और थोक सप्लायरों की पहचान करने में जुटी है ताकि नशे के इस पूरे सिंडिकेट को खत्म किया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More