क्राइम ब्रांच ने रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से दबोचे दो तस्कर; ₹60 लाख की ‘मलाणा क्रीम’ चरस बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (ARSC) ने ‘नशा मुक्त दिल्ली’ अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 1.436 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली चरस (मलाणा क्रीम) बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹60 लाख आंकी गई है। यह खेप हिमाचल प्रदेश से लाई गई थी और मुंबई की हाई-प्रोफाइल पार्टियों में सप्लाई की जानी थी।

क्राइम ब्रांच के डीसीपी संजीव कुमार यादव ने बताया कि एसीपी संजय कुमार नागपाल के मार्गदर्शन और इंस्पेक्टर रॉबिन त्यागी के नेतृत्व में एक विशेष टीम (एएसआई सचिन, रामदास व अन्य) को सूचना मिली थी कि हिमाचल का एक तस्कर ‘ओमू’ दिल्ली में चरस की सप्लाई के लिए आने वाला है। पुलिस ने पहले मुकरबा चौक पर जाल बिछाया, लेकिन आरोपी पुलिस की भनक लगते ही वहां से खिसक गया। इसके बाद पुलिस टीम ने आईएसबीटी कश्मीरी गेट पर हिमाचल से आने वाली कई बसों की तलाशी ली, लेकिन शातिर तस्कर वहां से भी बच निकला।

पुलिस और तस्करों के बीच चले इस ‘चूहे-बिल्ली’ के खेल का अंत हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर हुआ। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए आरोपियों को महाराष्ट्र संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के जनरल कोच में ढूंढ निकाला और ट्रेन के रवाना होने से कुछ ही क्षण पहले ओम चंद उर्फ ओमू और उसके चचेरे भाई प्यारे सिंह को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 1.436 किलो ‘मलाणा क्रीम’ बरामद हुई। इस संबंध में क्राइम ब्रांच थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20/29 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि मुंबई में पार्टी आयोजनों के लिए ‘मलाणा क्रीम’ की भारी मांग है, जिसके चलते वे इसे वहां के तस्करों को ऊंचे दामों पर बेचने जा रहे थे। यह चरस उन्होंने कुल्लू जिले के मलाणा गांव निवासी नौलु राम से खरीदी थी। पुलिस ने मलाणा में नौलु राम के घर पर छापेमारी भी की, लेकिन वह गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही फरार हो गया। पकड़े गए आरोपियों में ओमू हिमाचल में निजी टैक्सी चलाता है और प्यारे सिंह उसका भाई है। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क के रिसीवरों और मुख्य सप्लायर की तलाश में जुटी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More