बदरपुर में आधी रात को चलीं गोलियां, मुठभेड़ के बाद हत्थे चढ़ा नासिर-दानिश गैंग का कुख्यात सदस्य, पैर में लगी गोली

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी जिले की स्पेशल टास्क फोर्स ने एक साहसिक ऑपरेशन के दौरान राजधानी के कुख्यात नासिर-दानिश पहलवान गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान 48 वर्षीय मोहम्मद सलीम उर्फ गंजा निवासी बरेली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है, जो हत्या और चोरी जैसे करीब 75 आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस के साथ हुई इस संक्षिप्त मुठभेड़ के दौरान आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे तुरंत सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अत्याधुनिक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, चार खाली कारतूस और एक स्कूटी बरामद की है। सलीम बदरपुर थाने के चोरी के मामले सहित 20 से अधिक आपराधिक केसों में वांछित चल रहा था।

दक्षिण-पूर्वी जिले के डीसीपी हेमंत तिवारी ने बताया कि 3 और 4 अप्रैल की मध्यरात्रि को एसटीएफ टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि नासिर-दानिश गैंग का एक वांछित अपराधी स्कूटी पर सवार होकर चोरी या सेंधमारी की नीयत से बदरपुर स्थित नोट्रे डेम स्कूल के पास एनटीपीसी गेट नंबर-1 की ओर आने वाला है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें एसआई जितेंद्र, मुकेश, एएसआई सचिन कौशिक, तरुण शर्मा, गुरचरण सिंह और हेड कांस्टेबल मनोज त्यागी सहित अन्य जवान शामिल थे। टीम ने बताए गए स्थान पर जाल बिछाया और संदिग्ध का इंतज़ार करने लगे।

देर रात जब एक संदिग्ध स्कूटी पर आता दिखाई दिया, तो मुखबिर के इशारे पर पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की और तेजी से यू-टर्न लेने लगा, लेकिन इसी दौरान उसकी स्कूटी फिसल गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। खुद को घिरा देख आरोपी ने तुरंत अपनी पिस्टल निकाल ली और पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी द्वारा चलाई गई दो गोलियों से पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। आत्मरक्षा में कार्रवाई करते हुए एएसआई गुरचरण सिंह और हेड कांस्टेबल मनोज राणा ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली सलीम के बाएं पैर में जा लगी और वह निहत्था होकर गिर गया।

पूछताछ में पता चला है कि मोहम्मद सलीम उर्फ गंजा महज एक चोर नहीं, बल्कि एक बेहद खतरनाक अपराधी है। वह पूर्वोत्तर दिल्ली के कुख्यात बदमाश सलीम पहलवान की हत्या में भी शामिल था, जिसके लिए वह 8 साल की जेल की सजा काट चुका है। वर्तमान में वह दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में सेंधमारी और चोरी की 20 से अधिक वारदातों में फरार चल रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उस पर हत्या, हत्या के प्रयास और चोरी के कुल 75 मामले दर्ज हैं। फिलहाल, बदरपुर थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More