द्वारका में एक्सपायरी फूड और कोल्ड ड्रिंक्स को नया बनाकर बेचने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़; 3 आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (WR-II) ने द्वारका इलाके में एक ऐसे संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है जो जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करते हुए एक्सपायरी खाद्य पदार्थों और कोल्ड ड्रिंक्स को दोबारा पैक कर बाजार में बेच रहा था। पुलिस ने इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और भारी मात्रा में नामी मल्टीनेशनल कंपनियों के पेय पदार्थ व बिस्कुट बरामद किए हैं, जिन पर जालसाजी के जरिए नई मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट डाली गई थी। पुलिस ने मौके से तारीखें बदलने में इस्तेमाल होने वाली अत्याधुनिक ‘डोमिनो प्रिंटिंग मशीन’ और ओरिजिनल डेट मिटाने वाला केमिकल भी जब्त किया है।

क्राइम ब्रांच के डीसीपी हर्ष इंदोरा ने बताया कि एसीपी भगवती प्रसाद के मार्गदर्शन और इंस्पेक्टर अक्षय गहलोत के नेतृत्व में एसआई राहुल कुमार की टीम को सूचना मिली थी कि द्वारका के बमलोली गांव में एक अवैध गोदाम चल रहा है। यहां बाजार से एक्सपायरी या एक्सपायरी के करीब पहुँच चुके नामी ब्रांड्स के उत्पाद खरीदे जाते हैं और उनकी तारीखों में हेरफेर कर उन्हें दोबारा मार्केट और विदेशों में एक्सपोर्ट करने के लिए तैयार किया जाता है। 29 मार्च को मिली इस पुख्ता जानकारी के बाद पुलिस ने गोदाम पर छापा मारा, जहाँ शिवम सिंह और लोकेश कुमार को रंगे हाथ पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान गिरोह के सरगना कमल मुद्गल (56 वर्ष) का नाम सामने आया, जो गुरुग्राम का रहने वाला है और खुद को फर्म का मालिक बताता है। उसे भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच के दौरान FSSAI के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने फर्म के लाइसेंस की जांच की और उत्पादों के नमूने लिए। तलाशी में थम्स-अप के 600 कैन, स्प्राइट के 840 कैन, लिम्का के 480 कैन और कोका-कोला के 1176 कैन के साथ भारी मात्रा में ब्रांडेड बिस्कुट बरामद हुए, जिनकी पैकेजिंग से छेड़छाड़ की गई थी। आरोपियों ने कुबूल किया कि वे थिनर का इस्तेमाल कर बोतलों और कैन से पुरानी तारीखें मिटा देते थे और फिर प्रिंटिंग मशीन के जरिए उन पर नई तारीखें और फर्जी बैच नंबर डाल देते थे। इसके बाद इन उत्पादों को नए कार्टन में पैक कर अवैध मुनाफे के लिए बाजार में सप्लाई किया जाता था।

पुलिस ने इस संबंध में क्राइम ब्रांच थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 275/318(4)/336/61(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पकड़े गए आरोपियों में कमल मुद्गल के अलावा 27 वर्षीय शिवम और 35 वर्षीय लोकेश कुमार शामिल हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह गिरोह एक्सपायरी माल कहाँ से खरीदता था और इनका नेटवर्क दिल्ली के किन-किन बाजारों और किन देशों तक फैला हुआ है। क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई से बाजार में असुरक्षित उत्पादों की एक बड़ी खेप पहुँचने से रुक गई है, जिससे संभावित स्वास्थ्य खतरों को टाला जा सका है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More