‘सोनू दरियापुर गैंग’ का वांछित शार्पशूटर गिरफ्तार; सुल्तानपुरी फायरिंग मामले में था फरार

नई दिल्ली: दिल्ली के बाहरी उत्तरी जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड ने संगठित अपराध के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने कुख्यात ‘सोनू दरियापुर गैंग’ के एक वांछित और खतरनाक सदस्य को गिरफ्तार किया है, जो सुल्तानपुरी इलाके में हुई एक हालिया फायरिंग की वारदात में फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अत्याधुनिक .32 बोर की पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

आउटर नॉर्थ डीसीपी हरेश्वर स्वामी ने बताया कि उत्तरी रेंज के जॉइंट सीपी विजय सिंह के मार्गदर्शन और एएटीएस प्रभारी इंस्पेक्टर आनंद कुमार झा के नेतृत्व में एक विशेष टीम (एसआई डिंपी गुलिया, एचसी आशाराम व कांस्टेबल सचिन) का गठन किया गया था। टीम को 30 मार्च को गुप्त सूचना मिली कि सोनू दरियापुर गैंग का एक सक्रिय सदस्य, जो सुल्तानपुरी फायरिंग मामले में वांछित है, नरेला-अलीपुर रोड के पास आने वाला है।

सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने जीत फार्म के पास जाल बिछाया और आरोपी को सफलतापूर्वक दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान आरयन (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो प्रहलादपुर बांगर का रहने वाला है। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार बरामद हुए। पुलिस ने इस संबंध में थाना नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

गहन पूछताछ में आर्यन ने कबूल किया कि 19 मार्च को उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सुल्तानपुरी इलाके में अपने विरोधी ‘अरुण दिल्ली गैंग’ के सदस्यों पर सरेआम गोलियां चलाई थीं। उस मामले में उसके अन्य साथी पहले ही पकड़े जा चुके थे, लेकिन वह लगातार अपनी लोकेशन बदल कर गिरफ्तारी से बच रहा था। उसने यह भी खुलासा किया कि वह और अधिक हथियार जुटाकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। उसका मकसद इलाके के युवाओं को प्रभावित कर उन्हें सोनू दरियापुर गैंग में शामिल करना था।

जांच में सामने आया कि आर्यन पहले भी आर्म्स एक्ट के दो अन्य मामलों में शामिल रहा है। पुलिस की इस समय रहते की गई कार्रवाई से राजधानी में एक संभावित गैंगवार और बड़ी वारदात को टाल दिया गया है। फिलहाल पुलिस उससे उसके अन्य संपर्कों और हथियारों के स्रोत के बारे में पूछताछ कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More