हरिनगर में प्रेम संबंधों से नाराज पिता और भाई ने की थी की हत्या, पुलिस ने दोनों को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के हरिनगर इलाके में हुई युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतका के पिता और भाई को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद मनीर (55), जो पेशे से सब्जी विक्रेता है, और उसके बेटे मेराज अली (19) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि दोनों ने मिलकर अपनी ही बेटी की ‘इज्जत’ की खातिर गला घोंटकर हत्या कर दी थी और साक्ष्यों को मिटाने के लिए उसे चुपचाप दफनाने की तैयारी में थे।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला 1 अप्रैल को तब प्रकाश में आया जब एक पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि एक युवती की उसके परिवार ने हत्या कर दी है और उसे दफनाने ले जा रहे हैं। हरिनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जनाजे को रुकवाया और शव को कब्जे में ले लिया। कॉलर ने पुलिस को बताया था कि उसका चचेरा भाई मृतका से प्रेम करता था और उसे अंदेशा था कि युवती के साथ कुछ गलत हुआ है। दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में हुए पोस्टमार्टम में मौत का कारण दम घोंटना पाए जाने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।

सघन पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि मृतका का अपने पैतृक स्थान के एक युवक के साथ पिछले दो वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिवार इस रिश्ते के सख्त खिलाफ था। परिजनों ने युवती को कई बार समझाने और रिश्ता तोड़ने का दबाव बनाया, लेकिन जब वह नहीं मानी तो पिता और भाई ने मिलकर उसकी हत्या करने का खौफनाक फैसला ले लिया।

हरिनगर थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी मोहम्मद मनीर तिहाड़ गांव का रहने वाला है। वारदात को अंजाम देने के बाद परिवार ने इसे स्वाभाविक मौत का रूप देने की कोशिश की थी और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया भी शुरू कर दी थी, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने उनकी साजिश को नाकाम कर दिया। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है ताकि घटनाक्रम की कड़ियों को पूरी तरह जोड़ा जा सके। इस घटना ने एक बार फिर समाज में ‘ऑनर किलिंग’ जैसी कुरीतियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More