चाय की दुकान पर गुटखे के दाम को लेकर हुए विवाद में ड्राइवर की चाकू मारकर हत्या, महेंद्र पार्क पुलिस ने आरोपी चाय विक्रेता को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली: एशिया की सबसे बड़ी फल और सब्जी मंडी, आजादपुर में शुक्रवार तड़के गुटखे की कीमत को लेकर हुए मामूली विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के महेंद्र पार्क थाना क्षेत्र के अंतर्गत गन्ना शेड नंबर 4 के पास एक 35 वर्षीय ड्राइवर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी चाय विक्रेता को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नाजिम (35) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का रहने वाला था और पेशे से ड्राइवर था। 3 अप्रैल की तड़के पुलिस को आजादपुर मंडी में चाकूबाजी की सूचना मिली थी। घायल नाजिम को तुरंत बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए महेंद्र पार्क थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

जांच के दौरान पता चला कि नाजिम मंडी में स्थित एक चाय की दुकान पर गुटखा खरीदने गया था। वहां दुकानदार और नाजिम के बीच गुटखे के दाम को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। इसी दौरान आरोपी राहुल (19), जो लिबासपुर (दिल्ली) का रहने वाला है, ने आपा खो दिया और पास रखे चाकू से नाजिम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू लगने से नाजिम बुरी तरह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।

महेंद्र पार्क थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और आरोपी राहुल को दबोच लिया। घटनास्थल पर क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाया गया, जिन्होंने वैज्ञानिक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या आरोपी का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और क्या विवाद में कोई और भी शामिल था। फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया जारी है। इस घटना के बाद मंडी इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More