सीमापुरी में युवती पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने के बाद युवक ने खुद को आग लगाकर दी जान

नई दिल्ली: दिल्ली के सीमापुरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक 24 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर एक युवती पर चाकू से जानलेवा हमला कर उसे मरणासन्न कर दिया और उसके कुछ ही देर बाद अपने घर में खुद को आग लगा ली। घर में हुए संदिग्ध सिलेंडर ब्लास्ट और आगजनी में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 05:33 बजे सीमापुरी थाने को सूचना मिली कि पुरानी सीमापुरी की ‘रविदास मंदिर वाली गली’ में एक युवती को चाकू मारकर लहूलुहान कर दिया गया है। पुलिस टीम जब मौके पर पहुँची, तो पता चला कि घायल युवती को गंभीर हालत में जीटीबी अस्पताल ले जाया गया है। डॉक्टरों ने युवती की हालत बेहद नाजुक बताते हुए उसे बयान देने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया है। पुलिस ने इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।

अभी पुलिस इस मामले की जांच कर ही रही थी कि तभी शाम को एक और पीसीआर कॉल मिली, जिसमें न्यू सीमापुरी के सी-314 स्थित एक मकान में सिलेंडर ब्लास्ट की सूचना दी गई। जब दमकल और पुलिस की टीम वहां पहुँची, तो घर के भीतर जतिन (24) नामक युवक का जला हुआ शव बरामद हुआ। जतिन घर में अकेला था और आग की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई थी। उसे भी जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसे ‘ब्रॉट डेड’ घोषित कर दिया गया।

जांच के दौरान कड़ियों को जोड़ने पर पुलिस को पता चला कि जतिन ने ही रविदास मंदिर वाली गली में युवती ‘जे’ पर चाकू से कई वार किए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद वह अपने घर भाग गया और वहां खुद को आग लगाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि जतिन और युवती के बीच क्या संबंध था और इस खूनी वारदात के पीछे की असली वजह क्या थी। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है और सिलेंडर ब्लास्ट की प्रकृति की भी जांच की जा रही है। इस दोहरी घटना से पूरे सीमापुरी इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More