एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड ने हरियाणा से दिल्ली आ रही शराब की बड़ी खेप पकड़ी; 2600 क्वार्टर और टोयोटा कार जब्त

नई दिल्ली: दिल्ली के बाहरी जिले की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ एक बड़ा ऑपरेशन चलाते हुए भारी मात्रा में शराब बरामद की है। पुलिस ने इस कार्रवाई में सोनीपत निवासी एक सप्लायर को गिरफ्तार किया है, जो हरियाणा से दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में शराब की बड़ी खेप पहुँचाने की फिराक में था। पुलिस ने मौके से 2600 क्वार्टर अवैध शराब और तस्करी में इस्तेमाल की गई टोयोटा इटिओस कार जब्त की है।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 2 अप्रैल की तड़के एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड को सूचना मिली थी कि हरियाणा के बहादुरगढ़ से एक कार में अवैध शराब भरकर दिल्ली लाई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ऑपरेशंस वीरेंद्र दलाल के मार्गदर्शन और स्क्वाड प्रभारी इंस्पेक्टर राजपाल मीणा के नेतृत्व में एक समर्पित टीम (एचसी दिनेश, कांस्टेबल आर्यदीप, प्रकाश और अक्षय) का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर निहाल विहार के शमशान घाट और डीडीए पार्क के पास रणनीतिक घेराबंदी की। कुछ ही समय बाद एक टोयोटा इटिओस कार आती दिखाई दी। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो चालक ने कार की रफ्तार बढ़ाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें “केवल हरियाणा में बिक्री के लिए” मार्क वाली शराब के 2600 क्वार्टर बरामद हुए।

पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहित (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सोनीपत, हरियाणा का रहने वाला है। पुलिस ने इस संबंध में थाना निहाल विहार में दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33/38/58 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि यह शराब जहांगीरपुरी के एक निवासी को डिलीवर की जानी थी। फिलहाल पुलिस मुख्य रिसीवर और इस सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More