पत्नी के साथ टहल रहे व्यक्ति से लूटी थी सोने की चेन, स्कूटी जब्त, पुलिस ने तीन को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के बाहरी जिले के थाना पश्चिम विहार ईस्ट की पुलिस टीम ने सोने की चेन झपटमारी के एक गंभीर मामले को सुलझाते हुए एक शातिर आपराधिक सिंडिकेट के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से झपटी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद कर ली है। पकड़े गए मुख्य आरोपी पर पहले से ही चोरी और लूट के 42 मामले दर्ज हैं।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 22 मार्च की रात शिकायतकर्ता अमितोज सिंह अपनी पत्नी के साथ शुभ निकेतन सोसाइटी के पास टहल रहे थे। इसी दौरान स्कूटी सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनके गले से करीब 15-18 ग्राम की सोने की चेन झपट ली और ज्वालाहेरी मार्केट की ओर फरार हो गए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी राजबीर सिंह लांबा के मार्गदर्शन और पश्चिम विहार ईस्ट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजपाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम (एसआई गौरव गहलोत, एचसी कुलदीप व अन्य) का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने इलाके के लगभग 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपी बिना हेलमेट के नजर आए, जिससे उनकी पहचान करना आसान हो गया। तकनीकी निगरानी के जरिए 31 मार्च को पुलिस ने मंगोलपुरी इलाके से हेमंत उर्फ हनी (26 वर्ष) को दबोच लिया। उसके पास से झपटी गई चेन का एक टूटा हुआ टुकड़ा बरामद हुआ। हनी की निशानदेही पर 1 अप्रैल को रोहिणी इलाके से उसके दो अन्य साथियों, नितिन उर्फ निक्की (22 वर्ष) और पीयूष (21 वर्ष) को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह सिंडिकेट बेहद योजनाबद्ध तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। ये लोग भागने के लिए कई वाहनों का इस्तेमाल करते थे ताकि पुलिस को चकमा दे सकें। मुख्य आरोपी हेमंत उर्फ हनी का लंबा आपराधिक इतिहास है और वह 42 वारदातों में शामिल रहा है, जबकि नितिन पर दस और पीयूष पर छह से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इन तीनों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि अन्य वारदातों का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More