जनपद में नहीं चलेगी गुंडई : एसपी सौरभ दीक्षित मनचलों व कुख्यात अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
राष्ट्रीय जजमेंट दैनिक
शाहजहांपुर। नवागत एसपी सौरभ दीक्षित ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान साफ शब्दों में चेतावनी दी कि जनपद में किसी भी कीमत पर गुंडई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि गुंडई करने वालों को सीधे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा और कानून व्यवस्था को और अधिक सख्त व प्रभावी बनाया जाएगा।एसपी ने कहा कि अवैध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और गश्त व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा, ताकि अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मनचलों और गली-मोहल्लों में खुराफात करने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।इसके साथ ही उन्होंने कुख्यात अपराधियों को भी कड़ा संदेश देते हुए कहा कि उनके खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे जनपद में शांति और सुरक्षा का माहौल कायम किया जा सके।एसपी ने पीड़ितों को न्याय दिलाने को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि फरियादियों को बार-बार अधिकारियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान कराया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्होंने कहा कि उनकी शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने यह भी कहा कि कानून के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराध पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।मीडिया से सहयोग की अपील करते हुए एसपी ने कहा कि यदि कहीं भी अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हों, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
Comments are closed.